उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के इशारों-इशारों में किए गए हमले पर अब आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने पलटवार किया है। उन्होंने आजम खान के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या उन्हें उत्तर प्रदेश छोड़ देना चाहिए? चंद्रशेखर ने यह भी कहा कि वह आजम खान का सम्मान करते हैं और उनकी मजबूरियों को समझ सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने ओवैसी को डिप्टी सीएम पद का चेहरा भी बताया।
चंद्रशेखर आजाद ने आजम खान पर कसा तंज। (फोटो- pti)
'क्या मुझे राज्य छोड़ देना चाहिए?'
लखनऊ में आजम खान की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि गठबंधन ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए सबसे आगे रखा है, इसलिए उन्हें जवाब देना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या मुझे राज्य छोड़ देना चाहिए? क्या वह (आजम खान) मुझे राज्य से बाहर निकालकर यहां राजनीति करना चाहते हैं? मैं उनका सम्मान करता हूं। मैं उनकी मजबूरी समझ सकता हूं अगर आजम खान अपनी पार्टी के लिए नहीं बोलेंगे और उनकी पार्टी उनसे सवाल नहीं करेगी तो यह भी ठीक नहीं होगा।
आजम खान को दिया साथ आने का न्योता
चंद्रशेखर आजाद ने इस दौरान आजम खान को साथ आने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। आजम खान आएं और मिलकर उत्तर प्रदेश का चुनाव लड़ें, ताकि भाजपा को हराया जा सके। उन्होंने कहा कि सपा 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को नहीं हरा पाई, लेकिन सामाजिक परिवर्तन मोर्चा इस बार भाजपा को हराएगा।
ओवैसी को बताया डिप्टी सीएम का चेहरा
वहीं, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के साथ गठबंधन को लेकर चंद्रशेखर आजाद ने इसे बेमेल गठबंधन मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि यह कोई बेमेल नहीं, बल्कि एक वास्तविक गठबंधन है। इसे रोकने के लिए तरह-तरह की कोशिशें और साजिशें की जा रही हैं, क्योंकि साथ आने पर यह गठबंधन काफी मजबूत हो जाएगा। आजम खान के बयान चंद्रशेखर ने कहा कि वह पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहे हैं कि अब्दुल दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा में डिप्टी सीएम बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पिछड़े वर्ग से आने वाला एक अन्य नेता भी उपमुख्यमंत्री होगा।
आजम खान ने ओवैसी पर साधा था निशाना
दरअसल, आजम खान ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए कहा था कि कुछ लोग खुद को जरूरत से ज्यादा बड़ा समझने लगे हैं। उन्हें ऐसी दवा मिलनी चाहिए, जिससे वे अपनी असली हैसियत में लौट आएं।
आजम खान ने कहा था कि ऐसे लोगों का कोई बड़ा लक्ष्य नहीं है। उनका मकसद सिर्फ इतना है कि किसी तरह सरकार न बनने दी जाए। वे किंगमेकर तो नहीं बन सकते, लेकिन दूसरों का खेल बिगाड़ सकते हैं। आजम खान ने इसे छोटा और शर्मनाक लक्ष्य बताया था।
