भारतीय रेलवे यहां की लाइफलाइन है। लंबी-लंबी दूरियों को आसानी से और सस्ते में तय करने में रेलवे का कोई मुकाबला नहीं। रेलवे का लगातार विकास हो रहा है और यह नए-नए इलाकों तक पहुंच रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) के नेतृत्व में उनके मंत्रिमंडल ने कल ही यानी शुक्रवार 9 अगस्त को 8 नए रेल प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इसके साथ ही कहा गया कि इन नए रेल प्रोजेक्ट्स से अब तक रेलवे नेटवर्क से बाहर के क्षेत्रों को जोड़ने से माल ढुलाई (Logistical Efficiency) बेहतर होगी। इसके अलावा ट्रांसपोर्टेशन नेटवर्क बेहतर होगा, सप्लाई चेन बेहतर होगी और आर्थिक विकास (Economic Growth) को भी रफ्तार मिलेगी। नई घोषणा के साथ रेलवे अब आपको अजंता की गुफाओं के भी दर्शन कराएगी। इस UESCO हेरिटेज साइट तक रेल लाइन बिछाने की योजना है।
अजंता गुफाओं तक पहुंचाएगी ट्रेन
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि कैबिनेट मीटिंग के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने 8 रेलवे प्रोजेक्ट को मंजूरी दी। यह आठ रेलवे प्रोजेक्ट्स आकांक्षी जिलों और आदिवासी बहुल क्षेत्रों के विकास में सहायक होंगे। इनमें से तीन प्रोजेक्ट को ओडिशा के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्से में हैं।
ये भी पढ़ें - Independence Day पर मुख्यमंत्री नहीं फहराते थे राष्ट्रध्वज, जानें कब और किसी वजह से बदला यह रिवाज
इन तीन रेल प्रोजेक्ट की मदद से एक कॉरिडोर बनाने में मदद मिलेगी, जो पश्चिमी और दक्षिणी ओडिशा को आंध्र प्रदेश व तेलंगाना से जोड़ेंगे। व्यवहारिक रूप से इनकी मदद से पश्चिम बंगाल में आसनसोल से तेलंगाना में वारंगल तक एक कॉरिडोर बन जाएगा।
रोजगार और पर्यटन बढ़ेगा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, यह अर्थव्यवस्था (Economy), पर्यटन (Tourism), रोजगार (Employment) और खनिज सुरक्षा (Mineral Security) की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इससे छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा को पूर्वी तट के बंदरगाहों से जोड़ा जाएगा।इसके साथ ही इन रेलवे प्रोजेक्ट्स की मदद से आदिवासी इलाकों में रोजगार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इन प्रोजेक्ट की कुल अनुमानित लागत 24 हजार, 657 करोड़ रुपये है। रेल मंत्री ने जोर देकर कहा कि इससे 767 करोड़ किलो कार्बन (CO2) उत्सर्जन कम होगा, जो 30 करोड़ पेड़ लगाने के बराबर है।
