Mehul Choksi Case: बेल्जियम में भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को गिरफ्तार किए जाने के कुछ दिन बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने मुंबई की एक अदालत से केनरा बैंक से जुड़े धोखाधड़ी के एक अन्य मामले में उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी करने का अनुरोध किया है। उक्त मामले में चोकसी और अन्य पर केनरा बैंक के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम से 55.27 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
भगोड़ा मेहुल चोकसी गिरफ्तार
पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में 13,000 करोड़ रुपये के ऋण 'धोखाधड़ी' मामले में संलिप्तता के प्रमुख आरोपी भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को भारतीय जांच एजेंसियों के प्रत्यर्पण अनुरोध के बाद बेल्जियम में 12 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया गया।
केनरा बैंक धोखाधड़ी मामले की जांच कर रही सीबीआई ने बुधवार को मुंबई की विशेष सीबीआई अदालत से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी करने का अनुरोध किया है। न्यायाधीश वी. पी. देसाई ने इस मामले को मजिस्ट्रेट अदालत के समक्ष भेजते हुए कहा कि उनकी अदालत को इस मामले में सुनवाई का अधिकार नहीं है।
बेल्जियम के संपर्क में भारत
भारतीय विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि वह भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण के लिए बेल्जियम के साथ मिलकर काम कर रहा है। मेहुल चोकसी को भारत सरकार के औपचारिक अनुरोध पर शनिवार को बेल्जियम के एंटवर्प में गिरफ्तार किया गया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि हमारे प्रत्यर्पण अनुरोध के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। हम उसके प्रत्यर्पण के लिए बेल्जियम के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि वह देश में मुकदमे का सामना कर सके।
