Mahua Moitra Latest News: तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने ‘रिश्वत लेकर संसद में सवाल पूछने’ से जुड़े मामले में गुरुवार (दो नवंबर, 2023) को बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकसभा की आचार समिति के अध्यक्ष विनोद कुमार सोनकर ने उनसे निजी और अनैतिक सवाल पूछे गए। महुआ के मुताबिक, उनसे इस दौरान गंदे सवाल भी किए गए।
विपक्षी सदस्यों के साथ मीटिंग से बाहर आने के बाद गुस्से से लाल मोइत्रा ने ये सारी बताईं और फिर शाम को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को इस बाबत एक पत्र लिखा। टीएमसी सांसद के मुताबिक, लोकसभा की आचार समिति की बैठक के दौरान उनके साथ अनैतिक, घृणित, अपमानजनक और पूर्वाग्रहपूर्ण व्यवहार किया गया।

mahua moitra letter
उधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि मोइत्रा ने लोकसभा की आचार समिति की कार्यवाही के बारे में गलत विमर्श बनाने की कोशिश की।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान वह बोले कि समिति कारोबारी दर्शन हीरानंदानी की तरफ से दायर हलफनामे पर मोइत्रा से पूछताछ करने के लिए बाध्य है। दुबे ने यह भी दावा किया कि उनके और अन्य की ओर से आचार समिति को मुहैया कराए गए सभी सबूतों के बाद ‘कोई ताकत’ मोइत्रा को नहीं बचा सकती।
दरअसल, मोइत्रा पर आरोप है कि उन्होंने हीरानंदानी के इशारे पर सवाल पूछे और दुबई में रहने वाले एक जाने-माने कारोबारी परिवार के वंशज से रिश्वत ली। दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष को 15 अक्टूबर को लिखे एक पत्र में आरोप लगाया था कि मोइत्रा द्वारा लोकसभा में हाल के दिनों तक पूछे गये 61 प्रश्नों में से 50 प्रश्न अडाणी समूह पर केंद्रित थे।
