Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताना संकीर्ण और विभाजनकारी मानसिकता का परिचायक है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग देवभूमि के लोगों का अपमान करते हैं, जबकि घुसपैठियों को गले लगाते हैं और माफिया तत्वों को संरक्षण देते हैं। सीएम योगी ने अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर कहा कि 'उत्तराखंड की बेटी न होती तो वह व्यक्ति सैफई में कहीं भैंस चरा रहा होता।'
सीएम योगी ने अखिलेश यादव को दिया जवाब। तस्वीर AI
'उत्तराखंड महोत्सव 2026' को संबोधित किया
योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत उपवन में आयोजित 'उत्तराखंड महोत्सव 2026' को संबोधित कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान को सपा प्रमुख अखिलेश यादव की उस कथित टिप्पणी का जवाब माना जा रहा है, जिसने पिछले महीने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया था। आरोप है कि अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में रहने वाले उत्तराखंड के लोगों को 'घुसपैठिया' कहा था।
उत्तराखंड का देश के विकास में बड़ा योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश का रिश्ता ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक है। उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत भी उत्तराखंड से ही थे। उन्होंने कहा कि गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और रामगंगा जैसी पवित्र नदियों का उद्गम उत्तराखंड से होता है। ऐसे में उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहना संकीर्ण मानसिकता को दर्शाता है। योगी ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों पर सवाल उठाने वाले देश की रक्षा में उनके योगदान को भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का कोई युवा जब देश की सीमाओं पर तैनात होता है तो उसके लिए यह मायने नहीं रखता कि उसकी तैनाती अरुणाचल प्रदेश में है या राजस्थान में। उसके लिए देश की सुरक्षा सर्वोपरि होती है।
माफिया के प्रति सहानुभूति रखने वालों पर भी निशाना
मुख्यमंत्री ने विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि सीमित बुद्धि वाले लोग महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचने के बाद अक्सर अमर्यादित व्यवहार करने लगते हैं। जनता ऐसे लोगों को बार-बार नकारती है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों की सहानुभूति लोक परंपराओं, संस्कृति और आस्था के बजाय कुख्यात माफिया तत्वों के साथ रहती है। माफिया के किसी सदस्य की मौत होने पर ऐसे लोग आंसू बहाते हैं।
जनरल बिपिन रावत-अजीत डोभाल का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, पंच प्रयाग और कैंची धाम जैसे उत्तराखंड के तीर्थस्थल हमारी साझा विरासत हैं। इसी तरह अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज, विंध्यवासिनी धाम और नैमिषारण्य भी हमारी सांस्कृतिक पहचान का हिस्सा हैं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजी शासन के दौरान निर्दोष भारतीयों पर गोली चलाने का आदेश मिलने के बावजूद उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया था।
मुख्यमंत्री ने देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि दी। साथ ही पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का जिक्र करते हुए कहा कि देवभूमि ने देश को कई महान व्यक्तित्व दिए हैं।
