पहलगाम आतंकी हमले का प्रतिशोध लेते हुए बीएसएफ ने भारत की सीमा के अंदर से ही सियालकोट में बने आतंकी लॉन्च पैड को तबाह कर दिया है। बीएसएफ की ओर से इसका एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें पाकिस्तान के सियालकोट के लूनी में बने आतंकियों के ठिकाने तबाह होते दिख रहे हैं।
लूनी में आतंकवादी लॉन्च पैड तबाह
इस हमले की खास बात ये है कि बीएसएफ ने अखनूर में बैठे-बैठे ही सियालकोट के आतंकी लॉन्ट पैड को तबाह किया है। अखनूर क्षेत्र के सामने, पाकिस्तान के सियालकोट जिले के लूनी में आतंकवादी लॉन्च पैड को बीएसएफ ने पूरी तरह से नष्ट कर दिया।
22 अप्रैल को हुआ था पहलगाम हमला
पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा मंगलवार देर रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए सटीक हमलों के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। पाकिस्तान ने शुकवार को लगातार दूसरी रात जम्मू कश्मीर से लेकर गुजरात तक 26 स्थानों पर ड्रोन हमले किए तथा रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दुश्मन द्वारा हवाई अड्डों और एयरबेस सहित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर किए गए हमलों को विफल कर दिया गया। पाकिस्तान द्वारा यह ताजा हमला ऐसे समय में हुआ जब एक दिन पहले ही भारत ने पाकिस्तानी सेना द्वारा ड्रोन और मिसाइल के जरिए भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने के प्रयासों को विफल कर दिया था।
