BRICS Summit 2026: ब्रिक्स समिट की मेजबानी के लिए नई दिल्ली तैयार है। 12 और 13 सितंबर के बीच होने वाली इस समिट पर पूरी दुनिया की नजर हो। हो भी क्यों न जिस मंच पर तीन शक्तिशाली देश के नेता, पीएम मोदी, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग मौजूद हों, वो बैठक तो खास होगी ही।
BRICS Summit 2026: दिल्ली में कड़ी सुरक्षा के बीच जुटेंगे मोदी-पुतिन-जिनपिंग, भारत मंडपम तैयार। PTI
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भारत मंडपम में सम्मेलन की तैयारियों को दिखाने वाला 26 सेकंड का वीडियो शेयर किया। वीडियो के साथ उन्होंने लिखा, 'BRICS 2026 के लिए सब तैयार है!' पीएम मोदी की इस पोस्ट में शिखर सम्मेलन से पहले भारत मंडपम की तैयारियों की झलक दिखाई गई है।
शहर में 25 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात
बता दें कि समिट से पहले राष्ट्रीय राजधानी को छावनी में तब्दील कर दी गई है। राजधानी में एयरपोर्ट, होटल और भारत मंडपम के आसपास करीब 25 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें करीब 15 हजार दिल्ली पुलिस के जवान हैं, जबकि बाकी सुरक्षाकर्मी अर्धसैनिक बलों से लिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर तरीके से संभालने के लिए दिल्ली को अलग-अलग सेक्टर में बांटा गया है। हर सेक्टर की जिम्मेदारी डीसीपी या एडिशनल डीसीपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के 11 सितंबर को दिल्ली पहुंचने की संभावना है, जबकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के 12 सितंबर को दिल्ली पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। दोनों राष्ट्राध्यक्षों के पालम एयरफोर्स स्टेशन पर उतरने के बाद चाणक्यपुरी इलाके के होटलों में जाने की योजना है।
दोनों देशों की स्पेशल सिक्योरिटी टीमें पहले ही दिल्ली पहुंच चुकी हैं और संबंधित होटलों में सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही हैं। विदेशी सुरक्षा टीमों के पास एडवांस हथियार और सुरक्षा उपकरण भी मौजूद हैं। जिन मंजिलों पर राष्ट्राध्यक्ष ठहरेंगे, वहां से लेकर होटल की छत और ग्राउंड फ्लोर तक सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
अलग-अलग होटलों में ठहरेंगे मेहमान
ब्रिक्स सम्मेलन में शामिल होने वाले ज्यादातर विदेशी मेहमानों को नई दिल्ली के अलग-अलग होटलों में ठहराया जाएगा। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति, इथियोपिया के प्रधानमंत्री, कजाकिस्तान के राष्ट्रपति और थाईलैंड के उप प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री एक ही होटल में ठहरेंगे। वहीं, अबूधाबी के क्राउन प्रिंस और सऊदी अरब, बहरीन और ब्राजील के वित्त मंत्री दूसरे होटल में ठहरेंगे। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बांग्लादेश के वीआईपी मेहमानों के साथ एक होटल में ठहरेंगे।
ब्रिक्स समिट में शामिल होने वाले राष्ट्राध्यक्षों और सरकारों के प्रमुखों के भारत मंडपम पहुंचने का समय भी तय किया गया है। शनिवार को विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकारों के प्रमुख दोपहर 1:30 बजे से 2:15 बजे के बीच भारत मंडपम पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, रविवार को मेहमानों के सुबह 8:50 बजे से 9:25 बजे के बीच भारत मंडपम पहुंचने की संभावना है।
