Bones in Dal Makhani : आइसक्रीम में इंसान की अंगुली मिलने की घटना के अभी कुछ ही दिन बीते हैं कि खाने में हड्डी मिलने का एक और मामला सामने आ गया है। घटना झारखंड के पलामू की है। यहां दाल मखनी में हड्डी मिली है। परिवार खाना खाने के लिए शहर के एक मशहूर होटल गया था और उसने अपने लिए वेज थाली का ऑर्डर दिया था। बताया जा रहा है कि यह परिवार पूरी तरह से शाकाहारी है और यहां तक कि वह प्याज, लहसुन भी नहीं खाता। ऐसे में उनके खाने में हड्डी मिलने उनके लिए बहुत बुरा अनुभव था।
परिवार ने खूब हंगामा किया
हड्डी मिलने पर परिवार काफी गुस्से में था और उसने खूब हंगामा किया। उसने होटल के प्रबंधक को बुलाकर उसे जमकर फटकार लगाई। अपनी इस गलती पर होटल कर्मियों ने माफी मांगी। परिवार के बिगड़ने पर होटल ने उनके खाने का बिल माफ कर दिया। खाने का बिल 8187 रुपए का हुआ था। हालांकि मामले की शिकायत फूड इंस्पेक्टर तक पहुंच गई। रिपोर्टों के मुताबिक इस संबंध में फूड इंस्पेक्टर गुलाब लकड़ा ने कहा कि परिवार की तरफ से उन्हें शिकायत मिली है। इस संबंध में जानकारी उच्चतर अधिकारी को से दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की करवाई की जाएगी।
डॉक्टर के यहां आइसक्रीम में मिली कटी हुई अंगुली
गत बुधवार को मुंबई के मलाड इलाके में ऑनलाइन मंगाई गई आइसक्रीम में इंसान की कटी हुई उंगली मिली। यह खबर जिसने भी सुनी उसके होश उड़ गए। यह आइसक्रीम एक डॉक्टर ने मंगाई थी। आइसक्रीम में कटी उंगली मिलने पर डॉक्टर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद आइसक्रीम बनाने वाली कंपनी यम्मो ऑइसक्रीम पर सवाल खड़े हो गए हैं। आइसक्रीम का ऑर्डर पहुंचाने वाली कंपनी ने अपनी सफाई में कहा कि उसने थर्ड पार्टी से इसे तैयार कराया था।
