देश

धक्कामुक्की में BJP के 2 सांसदों को सिर में लगी चोट, आरएमएल अस्पताल के ICU में दोनों MP, PM ने फोन पर हाल-चाल जाना

Jostling in Parliament: भाजपा सांसद सारंगी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने एक सांसद धक्का दिया और वह सांसद उनके ऊपर गिरा फिर वह भी नीचे गिर पड़े। नीचे गिरने से उनके सिर में चोट लगी। अस्पताल में दोनों सांसदों के भर्ती होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों सांसदों से बात की और उनका हाल-चाल जाना।

Image

आरएमएल अस्पताल में भाजपा के दोनों सांसद।

Jostling in Parliament: संसद परिसर में गुरुवार को लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ भाजपा सांसदों की धक्का-मुक्की हुई। इस घटना में भाजपा सांसद प्रताप सारंगी और मुकेश राजपूत जख्मी हो गए। दोनों सांसदों के सिर में चोट लगी है। भाजपा के दोनों सांसदों को आरएमएल अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टर का कहना है कि दोनों सांसदों को आईसीयू में भर्ती किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अस्पताल में फोन कर दोनों सांसदों और उनका इलाज करने वाले डॉक्टर से बात की।

पीएम ने दोनों सांसदों से फोन पर बात की

भाजपा सांसद सारंगी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया और वह सांसद उनके ऊपर गिरा फिर वह भी नीचे गिर पड़े। नीचे गिरने से उनके सिर में चोट लगी। अस्पताल में दोनों सांसदों के भर्ती होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों सांसदों से बात की और उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने अस्पताल के डॉ. अजय शुक्ला से भी बात की। डॉक्टर ने बताया कि राजपूत का सीटी स्कैन हो रहा है, इसके बाद सारंगी का सीटी स्कैन होगा। इस घटना पर खरने ने लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला को चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में कांग्रेस नेता ने कहा कि संसद परिसर में उन पर व्यक्तिगत रूप से हमला हुआ। धक्का-मुक्की में उन्हें घुटने पर चोट लगी।

RML अस्पताल में सारंगी भर्ती

ओडिशा से भाजपा सांसद सांरगी को इलाज के लिए आरएमएल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के एमएस डॉ. शुक्ला ने टाइम्स नाउ से बातचीत में कहा कि 'इस घटना में सारंगी के सिर पर गहरा कट लगा है। चोट लगने वाली वजह से काफी रक्त बह रहा था। सारंगी को आईसीयू में भर्ती किया गया है। उनका इलाज हो रहा है।' धक्का-मुक्की की इस घटना में भाजपा के अन्य सांसद मुकेश राजपूत भी मूर्छित हो गए। उनके सिर पर भी चोट लगी।

सत्ता पक्ष-विपक्ष के बीच जमकर हुई नारेबाजी

दूसरी तरफ, राहुल गांधी ने दावा किया कि भाजपा सांसदों ने उन्हें और अन्य विपक्षी सदस्यों को संसद भवन में जाने से रोका और धक्का-मुक्की की।

गृह मंत्री अमित शाह की, बाबासाहेब आंबेडकर से संबंधित टिप्पणी को लेकर विरोध जताते हुए विपक्षी सदस्यों ने मार्च निकाला तो भाजपा सांसदों ने कांग्रेस पर बाबासाहेब के अपमान का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। संसद भवन के ‘मकर द्वार’ के निकट सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्य एक दूसरे के सामने आ गए और जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने एक वीडियो जारी कर दावा किया कि भाजपा सदस्यों ने संसद परिसर में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत कई महिला सांसदों के साथ धक्का-मुक्की की, जो भाजपा की तानाशाही को दिखाता है।

गुंडे जैसा व्यवहार कर रहे थे राहुल-निशिकांत दुबे

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘राहुल गांधी मारपीट करने के लिए बीच में घुसे थे। उनका व्यवहार मानो गुंडे का व्यवहार था, यह देश गुंडे को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने हमारे एक बुजुर्ग सांसद को धक्का देकर गिरा दिया।’ राहुल गांधी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘मैं संसद के अंदर जाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन भाजपा के सांसद मुझे रोकने की कोशिश कर रहे थे, धक्का दे रहे थे और धमका रहे थे।’राहुल गांधी ने दावा किया कि खरगे और प्रियंका गांधी के साथ भी धक्का-मुक्की की गई, लेकिन इससे विपक्ष को फर्क नहीं पड़ता। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘यह संसद है और अंदर जाना हमारा अधिकार है।’ उन्होंने कहा कि मुख्य मुद्दा यह है कि संविधान और बाबासाहेब की स्मृति का अपमान हुआ है।

खून रोकने के लिए सारंगी के सिर में टांके लगे-शिवराज

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संवाददाताओं को बताया कि सारंगी के सिर में चोट लगी और खून रोकने के लिए कुछ टांके लगाए गए हैं।

चौहान और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने अस्पताल जाकर सारंगी से मुलाकात भी की। विपक्ष के कई सदस्य बृहस्पतिवार को नीले रंग के कपड़े पहन कर संसद पहुंचे थे और उनके हाथ में बाबासाहेब की तस्वीर वाली तख्तियां थीं। नीला रंग आंबेडकर और उनके विचारों के प्रतीक के तौर पर देखा जाता है। अक्सर सफेद रंग की टी-शर्ट पहनने वाले राहुल गांधी बृहस्पतिवार को नीले रंग की टी-शर्ट पहनकर संसद पहुंचे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने नीले रंग की साड़ी पहन रखी थी।

अंबेडकर पर शाह की टिप्पणी को लेकर बना है गतिरोध

शाह की टिप्पणी को लेकर संसद के दोनों सदनों में बुधवार से गतिरोध बना हुआ है। कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों का आरोप है कि शाह ने ‘भारत के संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा’ विषय पर राज्यसभा में दो दिन तक चली चर्चा का जवाब देते हुए मंगलवार को अपने संबोधन के दौरान बाबासाहेब का अपमान किया। मुख्य विपक्षी दल ने शाह के संबोधन का एक वीडियो अंश भी जारी किया, जिसमें गृह मंत्री विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए यह कहते सुने जा सकते हैं, ‘अभी एक फैशन हो गया है- आंबेडकर, आंबेडकर...। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।’दूसरी तरफ, भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा बाबासाहेब का अपमान किया और उन्हें चुनाव में तक हरवाया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article