BJP West Bengal Victory: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Election 2026) में पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, एमपी बांसुरी स्वराज, पार्टी के दिल्ली यूनिट चीफ वीरेंद्र सचदेवा समेत अन्य नेताओं के साथ राजधानी के सीआर पार्क में स्थित काली बाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस मौके पर नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल सहित हाल ही में कल पूर्ण हुए विधानसभा चुनावों में भाग लेने वाले सभी राज्यों के मतदाताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल की संस्कृति और विरासत को और अधिक मजबूती मिल सकती है। साथ ही उन्होंने सभी राज्यों में शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना भी की।
दिल्ली के काली बाड़ी मंदिर में पहुंचे नितिन नबीन और अन्य भाजपा नेता
काली बाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करते हुए नितिन नबीन
पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत
मीडिया से बातचीत करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि वे पश्चिम बंगाल और अन्य सभी राज्यों के मतदाताओं को बधाई देते हैं, जहां हाल ही में चुनाव संपन्न हुए। उन्होंने बताया कि ‘मां काली’ और ‘मां कामाख्या’ की धरती पर मिली इस जीत के लिए वे काली बाड़ी मंदिर में मां काली के दर्शन करने पहुंचे हैं। उन्होंने आगे कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल की संस्कृति और विरासत को नई दिशा मिल सकती है। साथ ही उन्होंने देश के सभी राज्यों में शांति और समृद्धि की कामना भी की। गौरतलब है कि एक दिन पहले घोषित विधानसभा चुनाव परिणामों में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पश्चिम बंगाल में पहली बार सरकार बनाने की कामयाबी हासिल की है, जबकि असम में पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है।
इतनी सीटों पर लहराया परचम
चुनाव आयोग के द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, 294 सदस्यीय विधानसभा में BJP ने 207 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि TMC को 80 सीटें मिली हैं। वहीं असम में भाजपा ने 82 सीटें जीतकर 64 के बहुमत आंकड़े को 18 सीटों से पार कर लिया है। उसके सहयोगी दल असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने भी 10-10 सीटें हासिल की हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस ने पांच अन्य दलों के साथ गठबंधन करने के बावजूद केवल 19 सीटों पर ही जीत दर्ज की।
तमिलनाडु में विजय का शानदार प्रदर्शन
अभिनेता से नेता बने विजय ने तमिलनाडु की राजनीति में हलचल मचा दी, जहां उनकी पार्टी TVK ने विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर द्रविड़ दलों को सीटों के मामले में काफी पीछे छोड़ दिया। वहीं केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले United Democratic Front ने बड़ी जीत दर्ज की, जबकि पुडुचेरी में All India N.R. Congress के नेतृत्व वाले गठबंधन ने आसानी से सत्ता बरकरार रखी। केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस ने अकेले 63 सीटें हासिल कीं। वहीं Communist Party of India (Marxist) को 26 सीटें और Communist Party of India को 8 सीटें मिलीं।
