Nishikant Dubey on Sonia Gandhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह सोनिया गांधी पर एक ‘असली किताब’ लिखेंगे। इस किताब में वह खुलासा करेंगे कि सोनिया गांधी मारुति की मालकिन कैसे बनीं और नेशनल हेराल्ड को कैसे खरीदा गया। दुबे के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। दुबे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी किताब में सोनिया गांधी और मेनका गांधी के बीच विवाद की ‘असली वजहों’ का भी खुलासा किया जाएगा। भाजपा सांसद की टिप्पणियों पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
निशिकांत दुबे का सोनिया गांधी पर बयान आया सामने (फोटो साभार- PTI)
'मैं लिखूंगा सोनिया गांधी पर असली किताब'
दुबे ने ‘एक्स’ पर लिखा, “यह किसी को निशाना बनाने का प्रयास नहीं है, मैं सोनिया गांधी जी पर एक असली किताब लिखूंगा। सोनिया जी मारुति की मालिक कैसे बनीं? नेशनल हेराल्ड को कैसे खरीदा गया? 2004-14 के दौरान कैसे सोनिया जी प्रधानमंत्री से ऊपर थीं? मेनका गांधी जी और सोनिया गांधी जी के बीच लड़ाई की असली वजह क्या है?” भाजपा सांसद ने संकेत दिया कि उनकी किताब में इन सभी सवालों के जवाब होंगे। उन्होंने कहा कि किताब में बोफोर्स घोटाले के पीछे की ‘असली कहानी’ भी बताई जाएगी।
'क्या थी सीताराम केसरी जी की धोती की कहानी'
दुबे ने आगे कहा, “चीन ओलंपिक में प्रधानमंत्री के स्थान पर सोनिया जी परिवार सहित क्यों गईं? सीताराम केसरी जी की धोती की कहानी क्या है? प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव जी और सोनिया गांधी जी के बीच लड़ाई क्यों हुई? 1999 में कांग्रेस के किस नेता ने उन्हें धोखा दिया? राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी में वे किसे राजनीतिक तौर पर पसंद करती हैं?” भाजपा नेता ने कहा, “इंतजार कीजिए और देखिए।” दुबे ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में आरोप लगाया कि ‘विदेशी नागरिक’ होने के बावजूद सोनिया गांधी मारुति की प्रबंध निदेशक और 50 प्रतिशत हिस्सेदार थीं। भाजपा सांसद ने दावा किया, “21 नवंबर 1970 को संजय गांधी ने सोनिया गांधी की कंपनी मारुति टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया था। सोनिया गांधी मारुति की असली मालिक थीं।”
