देश

उमर अब्दुल्ला के 'ऑपरेशन लोटस' वाले दावे पर भड़की BJP, भेजा 100 करोड़ का मानहानि नोटिस; कहा- सबूत दें या माफी मांगें

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के 'ऑपरेशन लोटस' और विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों पर बीजेपी भड़क गई है। पार्टी की ओर से उमर को 100 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजकर7 दिनों में मांगी लिखित माफी की मांग की गई है।

Image

विधायकों को 20-30 करोड़ के ऑफर वाले बयान पर घिरे CM उमर

Photo : PTI

Jammu And Kashmir News: जम्मू-कश्मीर में 'ऑपरेशन लोटस' और विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों को लेकर सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। केंद्र शासित प्रदेश के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के भारतीय जनता पार्टी पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद, बीजेपी की जम्मू-कश्मीर इकाई ने कड़ा रुख अपनाया है। बीजेपी ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को 100 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजा है और पार्टी ने साफ शब्दों में मांग की है कि मुख्यमंत्री या तो अपने आरोपों को साबित करने के लिए ठोस सबूत पेश करें या फिर सात दिनों के भीतर सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगें।

20-30 करोड़ ऑफर करने का लगाया था आरोप

हाल ही में दरगाह (हजरतबल) में नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि बीजेपी नेताओं द्वारा नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों को पाला बदलने के लिए 20 से 30 करोड़ रुपये, मंत्री पद और राज्य का दर्जा बहाल कराने का लालच दिया जा रहा है।

100 करोड़ की मानहानि का नोटिस

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी उमर के इस बयान को बेहद गैर-जिम्मेदाराना बताया था। अब जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सत पाल शर्मा ने अपने अधिवक्ता एडवोकेट परिमोक्ष सेठ के माध्यम से मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को कानूनी नोटिस जारी किया है। नोटिस में उमर अब्दुल्ला पर भाजपा के खिलाफ “झूठे, निराधार और मानहानिकारक आरोप” लगाने का आरोप लगाया गया है। जिसमें कहा गया है कि मुख्यमंत्री 7 दिनों के भीतर अपने बयान को लिखित रूप में वापस लें और सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। यदि मुख्यमंत्री ऐसा करने में विफल रहते हैं, तो पार्टी उनके खिलाफ 100 करोड़ रुपये के हर्जाने के साथ मानहानि की कार्रवाई शुरू करेगी।

Suhail Nazeer Bhat
सुहैल नाजिर भट्ट author

सुहैल साहिल भट्ट को 8 साल का घाटी में रिपोर्टिंग का तजुर्बा है। राजनीति और कश्मीर के हर हलचल पर पैनी नजर।और देखें

End of Article