देश

हरियाणा में भाजपा ने रचा इतिहास, लगातार तीसरी बार बनेगी BJP सरकार!

Haryana Assembly Election Result 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज मंगलवार 8 अक्टूबर को मतगणना हो रही है। इस मतगणना में भाजपा को बहुमत मिलता दिख रहा है। रझानों के अनुसार भाजपा 50 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर भाजपा इतिहास रच देगी।

Image

हरियाणा में लगातार तीसरी बार जीत की ओर भाजपा

Photo : Times Now Digital

हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणाम आज यानी मंगलवार 8 अक्टूबर को घोषित हुए। सुबह 8 बजे जब मतगणना शुरू हुई तो शुरुआत में कांग्रेस को बड़ी बढ़त मिलते दिखी। देखते ही देखते हरियाणा से लेकर दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय तक मिठाइयां बांटी जाने लगीं। लेकिन जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़, रुझान बदलने लगे और देखते ही देखते भाजपा बहुमत के आंकड़े से आगे निकल गई। खबर लिखे जाने तक राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी 90 में से कुल 50 सीटों पर आगे चल रही थी। अगर रुझानों ही परिणाम में बदलते हैं तो लगातार तीसरी बार हरियाणा में भाजपा सरकार बन जाएगी और यह अपने आम में एक इतिहास होगा।

कांग्रेस को हरियाणा में जीत का विश्वास था। राज्य की सभी 90 सीटों के लिए 5 अक्टूबर को एक ही चरण में विधानसभा चुनाव हुए थे। इसके बाद 5 अक्टूबर को ही जारी हुए Exit Poll ने भी कांग्रेस के विश्वास को और हवा दी। तमाम एग्जिट पोल्स में दिखाया गया कि कांग्रेस अकेले ही राज्य में 50-65 सीटें तक जीत सकती है। वहीं एग्जिट पोल्स में भाजपा को 30 या इससे कम सीटों पर सिमटते दिखाया गया था। आज जब चुनाव परिणाम सामने आ रहे हैं तो एग्जिट पोल्स एक बार फिर फेल होते दिख रहे हैं।

एग्जिट पोल्स के फेल होने की कहानी पुरानी है। इससे पहले भी एग्जिट पोल्स कई बार जनता के मूड को भांपने में असफल साबित हो चुके हैं। बहरहाल भाजपा लगातार तीसरी बार राज्य में सत्ता पर काबिज होने जा रही है। यह अपने आप में इतिहास है, क्योंकि हरियाणा में अब तक लगातार तीसरी बार किसी भी पार्टी ने सरकार नहीं बनाई है।

दो बार सरकार बना चुकी हैं पार्टियां

हरियाणा में इससे पहले कई बार पार्टियां लगातार दो बार चुनाव जीतकर सरकार बना चुकी हैं। इसमें कांग्रेस और भाजपा दोनों शामिल हैं। सबसे पहले 1968 में तीसरी विधानसभा और 1972 में चौथी विधानसभा के लिए लगातार दो बार कांग्रेस को जीत मिल चुकी है। इसके बाद 2005 में 11वीं और 2009 में 12वीं विधानसभा में कांग्रेस ने फिर से जीत दर्ज करके सरकार बनाई। 2014 में 13वीं और 2019 में 14वीं विधानसभा के लिए भाजपा को जीत मिल चुकी है। अब 15वीं विधानसभा में भी भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है।

हरियाणा के अब तक के मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री का नामपार्टी
भागवत दयाल शर्माकांग्रेस
राव बिरेंदर सिंहविशाल हरियाणा पार्टी
बंसी लालकांग्रेस
बनारसी दास गुप्ताकांग्रेस
देवी लालजनता पार्टी
भजन लाल बिश्नोईजनता पार्टी
भजन लाल बिश्नोईकांग्रेस
बंसी लालकांग्रेस
देवी लालजनता दल
ओम प्रकाश चौटालाजनता दल
बनारसी दास गुप्ताजनता दल
ओम प्रकाश चौटालाजनता दल
हुकम सिंह फोगाटजनता दल
ओम प्रकाश चौटालासमाजवादी जनता पार्टी (राष्ट्रीय)
भजन लाल बिश्नोईकांग्रेस
बंसी लालहरियाणा विकास पार्टी
ओम प्रकाश चौटालाINLD
भूपिंदर सिंह हुडाकांग्रेस
मनोहर लाल खट्टरभाजपा
नायब सिंह सैनीभाजपा
Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article