अमित शाह ने क्या कुछ कहा?
अमित शाह ने कहा कि 1998 से अन्नाद्रमुक राजग गठबंधन का हिस्सा है और लंबे समय तक मोदी जी और महान जयललिता जी ने साथ मिलकर राष्ट्रीय राजनीति में काम किया है। उन्होंने कहा कि एक समय पर अन्नाद्रमुक गठबंधन ने 39 में से 30 लोकसभा सीट जीती थी। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है आने वाले दिनों में जो चुनाव होने वाला है, उस चुनाव में राजग प्रचंड बहुमत हासिल करेगा और तमिलनाडु में एक बार फिर से राजग सरकार होगी।
गठबंधन की बड़ी बातें:
- अन्नाद्रमुक और भाजपा ने अगले साल होने वाले तमिलनाडु विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ने का फैसला किया।
- विधानसभा चुनाव अन्नाद्रमुक के प्रमुख ई. पलानीस्वामी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
- दोनों दल भिन्न मतों पर बैठकर चर्चा करेंगे।
- जरुरत पड़ने पर न्यूनतम साझा कार्यक्रम भी तैयार किया जाएगा।
- मंत्रियों और सीटों की संख्या पर अभी नहीं हुई चर्चा।
उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के अंदर द्रमुक पार्टी सनातन धर्म, फ्री एजुकेशन पॉलिसी और कईं ऐसे मुद्दे उठा रही है। उसका एकमात्र उद्देश्य मूल मुद्दों से ध्यान हटाना है। आने वाले चुनाव में द्रमुक सरकार के घनघोर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, दलितों और महिलाओं पर अत्याचार के मुद्दों पर तमिलनाडु की जनता वोट करने जा रही है। गौरतलब है कि अमित शाह और पलानीसामी के बीच शुक्रवार को बैठक हुई। इस बैठक में गठबंधन के रोडमैप पर अंतिम मुहर लगी।
