Jitan Ram Manjhi: बिहार में नीतीश कुमार के बारे में दावा किया जा रहा है कि वो कल यानि रविवार को फिर से पलटी मारकर बीजेपी के साथ जा सकते हैं। इस्तीफा देकर फिर से सीएम बन सकते हैं। इन अटकलों के बीच पूर्व सीएम जीतन राम मांझी ने अब मोल-तोल करना शुरू कर दिया है।
मांझी के घर के बाहर पोस्टर
जीतन राम मांझी पर फिलहाल एनडीए में हैं, पहले महागठबंधन में थे, नीतीश से मनमुटाव के बाद अलग हुए थे, अब जब फिर से नीतीश पलटी पलटी मारकर एनडीए में आने की फिराक में हैं तो मांझी की वैल्यू बढ़ गई है। इंडिया गठबंधन से सीधे ऑफर पर ऑफर आ रहा है। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी खुद बात कर चुके हैं। इसी बीच शनिवार शाम को मांझी ने अपने विधायकों के साथ बैठक की है। जिसके बाद पार्टी की ओर से कहा गया है कि वो पीएम मोदी के निर्णय के साथ हैं, लेकिन मीटिंग के बाद मांझी के घर के बाहर एक ऐसा पोस्टर देखने को मिला है, जो अलग ही कहानी बयां कर रहा है।
जीतन राम मांझी का 'खेला'
जीतन राम मांझी के घर के बाहर लगे इस पोस्टर में लिखा है- बिहार में बहार है, बिन मांझी सब बेकार है। हम नेता रंजीत कुमार चंद्रवंशी ने इस पोस्टर को लेकर पीटीआई से कहा- "यह पोस्टर दिखाता है कि बिहार के आज के राजनीतिक परिदृश्य में, (HAM नेता) मांझी आगे बढ़ रहे हैं। अगर किसी पार्टी को सरकार बनानी है तो मांझी जी की जरूरत है।"
मांझी की शर्त
कहा जा रहा है कि वर्तमान चुनावी परिदृश्य में जीतन राम मांझी की मांग सबसे ज्यादा है। भले ही बीजेपी और जदयू के पास बहुमत है, लेकिन अगर मांझी पाला बदलते हैं और लालू नीतीश की पार्टी के कुछ विधायकों को तोड़ लेते हैं तो तेजस्वी खेला कर सकते हैं। लालू ने मांझी को डिप्टी सीएम का भी ऑफर दिया है, अब खबर है कि 4 विधायकों वाले मांझी, बीजेपी से 2 मंत्री पद मांग रहे हैं।
