देश

अमरावती पहुंचे बिल गेट्स, चंद्रबाबू नायडू के साथ AI और हेल्थ केयर पर होगी बड़ी बैठक

माइक्रोसॉफ्ट संस्थापक बिल गेट्स आंध्र प्रदेश के दौरे पर अमरावती पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के साथ उनकी इस मुलाकात में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रामीण स्वास्थ्य और आधुनिक कृषि तकनीक पर विशेष चर्चा होगी, इसलिए यह मुलाकात बेहद खास मानी जा रही है।

Image

गन्नवरम एयरपोर्ट पर बिल गेट्स का स्वागत करते राज्य के आईटी मंत्री नारा लोकेश (X/Nara Lokesh)

Photo : Twitter

Bill Gates Amaravati Visit: माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष बिल गेट्स सोमवार को आंध्र प्रदेश की नई राजधानी अमरावती पहुंचे। गन्नवरम हवाई अड्डे पर राज्य के आईटी मंत्री नारा लोकेश ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बिल गेट्स की यह यात्रा आंध्र प्रदेश के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के साथ उनकी मीटिंग होने वाली है। चर्चा का मुख्य केंद्र स्वास्थ्य सेवाएं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे उभरते क्षेत्र होने वाले हैं।

अमरावती में तकनीक और स्वास्थ्य पर मंथन

बिल गेट्स राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और आईटी मंत्री नारा लोकेश के साथ उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। राज्य के नगरपालिका मंत्री पी. नारायण के अनुसार, मुख्यमंत्री नायडू ने गेट्स से राज्य भर में चल रही स्वास्थ्य पहलों का विस्तार करने का अनुरोध किया है। वर्तमान में गेट्स फाउंडेशन चित्तूर जिले के कुप्पम में स्वास्थ्य परियोजनाओं पर काम कर रहा है, जिसे अब पूरे राज्य में लागू करने पर चर्चा होगी।

RTGS और 'स्वर्ण आंध्र 2047' का विजन

बैठक के बाद बिल गेट्स आंध्र प्रदेश के रियल टाइम गवर्नेंस सिस्टम (RTGS) का अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री नायडू खुद उन्हें यह दिखाएंगे कि कैसे तकनीक के जरिए प्रशासन को पारदर्शी और प्रभावी बनाया गया है। इसके साथ ही, सीएम नायडू "स्वर्ण आंध्र 2047" विजन पर एक प्रेजेंटेशन भी देंगे। इस प्रेजेंटेशन में मेड-टेक, डायग्नोस्टिक सेवाओं और 'संजीवनी' (स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटलीकरण कार्यक्रम) जैसे सुधारों पर जोर दिया जाएगा।

खेती में ड्रोन और AI का कमाल

सचिवालय के कार्यक्रमों के बाद बिल गेट्स अमरावती के उंदावल्ली गांव स्थित एक कृषि केंद्र का दौरा करेंगे। यहां उन्हें यह दिखाया जाएगा कि कैसे आंध्र प्रदेश के किसान खेती में आधुनिक तकनीक, ड्रोन और एआई (AI) का उपयोग कर रहे हैं। यह दौरा इस बात का प्रतीक है कि तकनीक का लाभ केवल शहरों तक सीमित नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि तक भी पहुंच रहा है।

चंद्रबाबू और गेट्स की पुरानी साझेदारी

यह पहली बार नहीं है जब बिल गेट्स आंध्र प्रदेश आए हैं; इससे पहले वे अविभाजित आंध्र प्रदेश का दो बार दौरा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री नायडू और बिल गेट्स के बीच पुराना पेशेवर रिश्ता रहा है, जिसने राज्य में आईटी क्रांति की नींव रखी थी। वर्तमान यात्रा का उद्देश्य उस साझेदारी को एआई और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं के युग में एक नई ऊंचाई पर ले जाना है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारी author

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृ... और देखें

End of Article