Sanjay Kumar Jha: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी संजय झा को अब मुख्यमंत्री बनाने की मांग उठने लगी है। हालांकि कार्यकर्ताओं ने सिर्फ संजय झा का ही नाम नहीं लिया है, बल्कि दो और नाम लिए हैं, जिन्हें वे बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं। इन दो अन्य नामों में- नीतीश के बेटे निशांत कुमार और नीतीश के एक अन्य करीबी ललन सिंह शामिल हैं।
कहां से आए ये तीन नाम?
दरअसल, शुक्रवार को जब नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ लेने दिल्ली आए, तो संजय झा और ललन सिंह उनके साथ थे। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में ही कार्यकर्ताओं के एक दल ने नीतीश कुमार से पहले बिहार के मुख्यमंत्री पद को लेकर नाखुशी जाहिर की। फिर उन्होंने इन तीन नामों में से किसी एक को मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर डाली।
नीतीश के साथ संजय झा के समीकरण
संजय झा और नीतीश कुमार के समीकरण काफी मजबूत रहे हैं। संजय झा कभी बीजेपी में थे और अमित शाह तथा अरुण जेटली के करीबी रहे हैं। कहा जाता है कि नीतीश कुमार को वापस एनडीए में लाने में संजय झा का ही हाथ था। नीतीश कुमार के साथ संजय झा के ऐसे समीकरण हैं कि आज की तारीख में जहां नीतीश जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, वहीं संजय झा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हैं। ऐसे में अगर जदयू कोटे से मुख्यमंत्री बनने की बात आती है, तो संजय झा की दावेदारी मजबूत हो सकती है, क्योंकि बीजेपी को शायद ही इस नाम पर आपत्ति हो।

राज्यसभा में शपथ के दौरान नीतीश कुमार के साथ संजय झा (फोटो- SanjayJhaJDU)
बिहार में नीतीश राज खत्म?
बिहार में नीतीश राज खत्म होने की घोषणा अब महज औपचारिकता दिख रहा है। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद अब बिहार में मुख्यमंत्री बदलना तय दिख रहा है। हालांकि सवाल ये है कि सीएम होगा किसका, बीजेपी का या फिर जदयू का? जदयू कार्यकर्ता, नीतीश के दिल्ली जाने से नाराज हैं, निशांत को सीएम या जदयू कोटे से सीएम की मांग कर रहे हैं। वहीं बीजेपी में भी सम्राट चौधरी समेत कई दावेदार हैं, जो सीएम बन सकते हैं।
