Nitish Kumar Resign: नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। जदयू नेताओं संग बैठक के बाद नीतीश राजभवन के लिए निकले और उन्होंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। आज शाम ही नीतीश कुमार 9वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी शुरू हो चुकी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद जेपी नड्डा पटना पहुंच रहे हैं।
सीएम नीतीश ने सौंपा इस्तीफा।
नीतीश कुमार ने क्या कहकर तोड़ा नाता
बिहार के मुख्यमंत्री और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात की; उनसे कहते हैं- 'हमने राज्य में महागठबंधन से नाता तोड़ने का फैसला किया है।' राज्यपाल से मुलाकात के बाद सीएम नीतीश वापस अपने आवास की ओर जाते हुए मीडिया का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि आज हमने इस्तीफा दे दिया और जो सरकार थी, उसे समाप्त करने के लिए गवर्नर साहब को कह दिया।
नीतीश कुमार ने आगे कहा कि हमने सभी लोगों की बात सुनी और इसीलिए जो सरकार थी, उसे समाप्त कर दिया गया। आज हम अलग हो गए, जो अन्य पार्टियां पहले थीं वो एकसाथ आने का फैसला लेंगी तो हम बताएंगे, आप इंतजार कीजिए।
राजभवन के बाहर भारी सुरक्षा तैनात
नीतीश कुमार के इस्तीफे से पहले पटना में बिहार राजभवन के बाहर भारी सुरक्षा तैनात की गई। सीएम नीतीश कुमार के आवास पर जेडीयू की बैठक चली, इस बीच प्रदेश पार्टी कार्यालय में बीजेपी विधायक दल की बैठक चल रही है।
जदयू नेताओं के सामने दिखे भावुक
जदयू नेताओं संग बैठक के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भावुक नजर आए। सूत्रों के हवाले से ये दावा किया गया कि नीतीश ने बैठक में जदयू नेताओं से कहा कि 'मैंने हर वो कोशिश की जिससे सरकार को बेहतर तरीके से चलाया जा सके, लेकिन मैं जदयू के मूल्यों से कोई समझौता नहीं करूंगा। नीतीश ने बैठक में साफ कर दिया कि वो जदयू में दरार डालने की कई कोशिशें की गई।'
