Surendra Mehta distributes blanket : बिहार के बेगूसराय में दहकते पारे के बीच कंबल बाटे जाने का अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यह कारनामा कोई और नहीं बल्कि राज्य के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने किया है। मेहता भाजपा के कोटे से नीतीश सरकार में मंत्री है। बेगूसराय में इन दिनों धूप काफी तेज हो रही है और तापमान 40 डिग्री तक पहुंच रहा है। ऐसे में लोगों को गर्मी से बचाने वाले उपाय करने की जरूरत है लेकिन सरकार के मंत्री इस बात को नहीं समझ पाए हैं। खेल मंत्री ने गरीबों में कंबल बांट दिया।
बेगूसराय में मंत्री ने गरीबों में कंबल बांटे।
भाजपा की स्थापना दिवस पर था कार्यक्रम
बताया जा रहा है कि 700 से ज्यादा लोगों में कंबल का वितरण हुआ। कंबल बांटे जाने के बाद खेल मंत्री राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के निशाने पर आ गए हैं। सोशल मीडिया पर यह वीडियो पोस्ट कर लोग मंत्री को ट्रोल कर रहे हैं। राजद का कहना है कि बिहार के सीएम की बात छोड़िए उनके मंत्री भी नरभसा गए हैं। बेगूसराय जिले के मंसूरचक प्रखंड के अहियापुर में गत छह अप्रैल को बीजेपी का स्थापना दिवस मनाया जा रहा था। इस मौके पर बिहार सरकार के खेल विभाग के मंत्री सुरेंद्र कुमार उपस्थित थे। उन्होंने इस मौके पर अपनी पार्टी का बखूबी बखान किया।
राजद ने शेयर किया वीडियो
राष्ट्रीय जनता दल ने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा कि बिहार में गर्मी की बढ़ती यातना के बीच खेल मंत्री ने कंबल बांटकर मानसिक यातना का विश्व रिकॉर्ड बना दिया। राजद ने तंज कसते हुए कहा कि अब लगता है केवल मुख्यमंत्री ही नहीं, उनके सारे मंत्री भी नरभसा गए हैं।
