डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कई विदेशी नेता भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। भूटान के राजा और मॉरीशस के विदेश मंत्री भी दिल्ली पहुंचे हैं। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक ने निगमबोध घाट पहुंचकर डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफुल ने दी श्रद्धांजलि
भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रामफुल ने शनिवार को यहां निगमबोध घाट पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए। वांगचुक ने निगमबोध घाट पर सिंह के अंतिम संस्कार से पहले उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
निगमबोध घाट पर लगा नेताओं का तांता
भारत में आर्थिक सुधारों के जनक कहे जाने वाले पूर्व वित्त मंत्री और दो बार प्रधानमंत्री रहे मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार को निधन हो गया था। वह 92 साल के थे। सिंह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे थे। प्रधानमंत्री के तौर पर उनके कार्यकाल में भूटान और मॉरीशस सहित कई प्रमुख देशों के साथ भारत के संबंधों में उल्लेखनीय सुधार हुआ था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी निगमबोध घाट पर सिंह के अंतिम संस्कार से पहले उन्हें श्रद्धांजलि दी।
