देश

ED ने कांग्रेस विधायक राव दान सिंह और उनके बेटे अक्षत सिंह की 44.09 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की

Rao Dan Singh Property Attach: धन शोधन का मामला 1,392.86 करोड़ रुपये के कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी के लिए एलाइड स्ट्रिप्स लिमिटेड नामक कंपनी के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की प्राथमिकी पर आधारित है।

Image

कांग्रेस विधायक राव दान सिंह

Rao Dan Singh Property Attach: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने धन शोधन जांच के तहत कांग्रेस विधायक राव दान सिंह, उनके बेटे और कुछ अन्य लोगों से जुड़ी संस्थाओं की 44 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।हरियाणा के 65 वर्षीय सिंह महेंद्रगढ़ से विधायक हैं। कांग्रेस ने पांच अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव में उन्हें फिर से इस सीट से मैदान में उतारा है।

चार बार के विधायक और व्यवसायी ने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से साल की शुरुआत में लोकसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के धर्मबीर सिंह से 41,000 से अधिक मतों के अंतर से हार गए।ईडी ने एक बयान में कहा कि कुर्की में राव दान सिंह और उनके बेटे अक्षत सिंह की ‘संस्थाओं’ की हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर 99ए में स्थित कोबन रेजीडेंसी के 31 फ्लैट और गुरुग्राम के हरसरू गांव में 2.25 एकड़ जमीन शामिल है।

सनसिटी प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और आईएलडी समूह से जुड़ी संस्थाओं के दिल्ली, गुरुग्राम, रेवाड़ी (हरियाणा) और जयपुर (राजस्थान) स्थित फ्लैट और भूमि को भी कुर्क किया गया है।

‘राव दान सिंह और उनके परिवार के सदस्य अभी तक जांच में शामिल नहीं हुए हैं'

ईडी के अनुसार, कोल्ड-रोल्ड स्टील का उत्पादन करने वाली एलाइड स्ट्रिप्स लिमिटेड को 2018 में ‘इन्सॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड’ (आईबीसी) के तहत दिवाला कार्यवाही में शामिल किया गया था और अंततः इसे किसी अन्य कंपनी द्वारा खरीद लिया गया था। एजेंसी ने दावा किया कि सिंह से जुड़ी संस्थाओं को इस कथित बैंक ऋण धोखाधड़ी से अर्जित किए गए धन से 19 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। ईडी ने कहा, ‘राव दान सिंह और उनके परिवार के सदस्य अभी तक जांच में शामिल नहीं हुए हैं।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article