देश

Jharkhand BJP: बाबूलाल मरांडी को झारखंड में भाजपा विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया

Jharkhand BJP: बाबूलाल मरांडी ने कहा, 'मैं संगठन को मजबूत करने के लिए पूरे समर्पण के साथ काम करूंगा और विधानसभा के अंदर और बाहर सभी को एक साथ लेकर चलने का हर संभव प्रयास करूंगा।'

Image

बाबूलाल मरांडी

Jharkhand BJP News: भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार को धनवार क्षेत्र से विधायक बाबूलाल मरांडी को झारखंड विधानसभा में पार्टी विधायक दल का नेता नियुक्त किया।यहां एक बैठक के दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मरांडी को सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया।भाजपा ने झारखंड में विधायक दल के नेता के चयन के लिए बुधवार को केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और पार्टी के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चे के अध्यक्ष के. लक्ष्मण को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था।

यादव ने कहा कि नवीन जायसवाल, नीरा यादव, राज सिन्हा और प्रकाश राम जैसे वरिष्ठ विधायकों ने बैठक के दौरान विधायक दल के नेता के रूप में मरांडी के नाम का प्रस्ताव रखा और इसे सभी ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, 'राज्य विधानसभा में मरांडी के नेतृत्व में विधायक झारखंड और यहां की जनता की भलाई के लिए काम करेंगे।'

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने उन्हें दी गई जिम्मेदारी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का आभार जताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि अध्यक्ष ने पिछली विधानसभा में विपक्ष के नेता के नाम की सिफारिश पार्टी द्वारा किए जाने के बावजूद जानबूझकर देरी की थी। उन्होंने कहा, 'लेकिन हमारे विधायक विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह सरकार से लड़ते रहे।' मरांडी ने कहा कि वह राज्य और यहां की जनता के हितों के लिए लड़ाई जारी रखेंगे।उन्होंने कहा, 'हम उन खामियों को भी दूर करने का प्रयास करेंगे जिनके कारण पार्टी को (पिछले वर्ष विधानसभा चुनाव में) हार का सामना करना पड़ा था।'

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता नियुक्त किए जाने पर खुशी जताई।उन्होंने कहा, 'हमें खुशी है कि कल से सदन में विपक्ष का नेता होगा। पूरे सदन को इस बात से खुश होना चाहिए। यह सदन के लिए गर्व की बात है।' भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि विधायक अब मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के संबंध में विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो के कार्यालय को पत्र सौंपेंगे, जिसके बाद पार्टी अध्यक्ष को 81 सदस्यीय सदन में विपक्ष का नेता घोषित किया जायेगा।

विधानसभा अध्यक्ष महतो ने भी मरांडी को बधाई दी।महतो ने कहा, 'सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वे सदन को सुचारू रूप से चलाने में भी मदद करते हैं।'सत्तारूढ़ 'इंडिया' गठबंधन के पास 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में 56 विधायक हैं जिनमें झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 34, कांग्रेस के 16, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के चार और भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन के दो विधायक शामिल हैं। भाजपा के 21 सदस्य हैं और आजसू पार्टी, जद (यू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के एक-एक सदस्य हैं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!