देश

Baba Siddique: कोरोना महामारी के दौरान बाबा सिद्दीकी ने बटोरी थी तारीफ, बॉलीवुड में भी थी अच्छी पैठ

Baba Siddique: एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की शनिवार शाम को उनके बेटे के दफ्तर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी बॉलीवुड सितारों के बीच काफी लोकप्रिय थे और कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने पीड़ितों की विभिन्न प्रकार से सेवाएं करके काफी तारीफ बटोरी थी।

Image

बॉलीवुड में थी बाबा सिद्दीकी की अच्छी पैठ

Photo : Twitter

Baba Siddique: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के खेरनगर इलाके में अपराधियों की गोली का शिकार हुए पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी बॉलीवुड सितारों के बीच काफी लोकप्रिय थे और कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने पीड़ितों की विभिन्न प्रकार से सेवाएं करके काफी तारीफ बटोरी थी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता एवं महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की शनिवार रात तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। देश में जब कोविड-19 का प्रकोप चरम पर था तो 66-वर्षीय राकांपा नेता ने जरूरतमंद मरीजों के लिए उन दवाओं की व्यवस्था की थी, जिनकी बड़े पैमाने पर आवश्यकता थी।

भव्य इफ्तार का आयोजन करने के लिए बाबा सिद्दीकी थे फेमस

सिद्दीकी रमजान के महीने में भव्य इफ्तार का आयोजन करने के लिए भी जाने जाते थे। इसमें बॉलीवुड के प्रसिद्ध सितारे शामिल होते थे। सिद्दीकी ने विधानसभा में तीन बार बांद्रा (पश्चिम) सीट का प्रतिनिधित्व किया था। मुंबई के एक प्रमुख मुस्लिम नेता सिद्दीकी को सलमान खान, शाहरुख खान और संजय दत्त सहित बॉलीवुड के कई सितारों के करीबी के रूप में भी जाना जाता था। उनके बेटे जीशान सिद्दीकी वर्तमान में मुंबई से कांग्रेस के विधायक हैं। सिद्दीकी इस साल फरवरी में कांग्रेस से नाता तोड़कर राकांपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने सबसे पुरानी पार्टी को छोड़ने का कोई कारण नहीं बताया था, हालांकि केवल इतना कहा था कि कुछ बातें अनकही ही रहना बेहतर है।

सिद्दीकी के राकांपा में शामिल हो जाने से अजित पवार के नेतृत्व वाली पार्टी को लोकसभा चुनाव से पहले मजबूती मिली थी। राकांपा के नेताओं को उम्मीद थी कि सिद्दीकी मुंबई में पार्टी के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पार्टी को उम्मीद थी कि खासकर, बृहन्मुंबई नगर निगम के चुनाव में मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में वह पार्टी के लिए कारगर साबित होंगे। सिद्दीकी 1999, 2004 और 2009 में लगातार तीन बार विधायक रहे। वह 2004 से 2007 तक राज्य सरकार में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम और एफ.डी.ए. राज्य मंत्री रहे थे। इसके अलावा वह लगातार दो बार नगर निगम पार्षद भी रहे।

कांग्रेस समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी रह चुके थे बाबा सिद्दीकी

बाबा सिद्दीकी मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति के अध्यक्ष और वरिष्ठ उपाध्यक्ष भी रहे थे। उन्हें महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के संसदीय बोर्ड का सदस्य भी बनाया गया था। सिद्दीकी ने राकांपा में शामिल होने से पहले कहा था कि इंदिरा गांधी-राजीव गांधी-संजय गांधी के समय से मैं कांग्रेस के साथ रहा हूं। वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मेरे पिता जैसे हैं, लेकिन कभी-कभी निजी जीवन में कुछ निर्णय लेने पड़ते हैं। कोलगेट मैदान के पास बाबा सिद्दीकी के बेटे एवं विधायक जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे तीन लोगों ने उन्हें गोली मार दी थी। उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article