Azam Khan Interim Bail: मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) मामले में समाजवादी पार्टी (SP) के वरिष्ठ नेता आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली अंतरिम जमानत को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस पर तत्काल सुनवाई की मांग की, जिस पर अब सर्वोच्च न्यायालय शुक्रवार को सुनवाई करेगा।
आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची ED, लगी फटकार, जस्टिस बोले- 'आसमान नहीं गिर पड़ेगा, उन्हें जमानत पर रहने दो'
CJI सूर्यकांत के सामने हुई मामले की मेंशनिंग
ईडी की ओर से पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) एसवी राजू ने भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI सूर्यकांत) की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष इस मामले का विशेष उल्लेख किया और जल्द सुनवाई का आग्रह किया।
जांच एजेंसी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश और उसमें की गई तल्ख टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिनमें गिरफ्तारी के आधार उपलब्ध नहीं कराने और एजेंसी द्वारा दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई करने जैसे आरोपों का जिक्र किया गया था।
ईडी ने सुप्रीम कोर्ट से मांग की कि मामले की तत्काल सुनवाई की जाए और यथास्थिति बनाए रखते हुए हाईकोर्ट के आदेश पर अंतरिम रोक लगाई जाए।
सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी: 'आसमान नहीं गिर पड़ेगा'
ईडी की ओर से अंतरिम जमानत पर तत्काल रोक लगाने और यथास्थिति बनाए रखने की मांग पर पीठ में शामिल जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने बेहद महत्वपूर्ण टिप्पणी की। जस्टिस बागची ने जांच एजेंसी के आग्रह पर कहा- 'आसमान नहीं गिर पड़ेगा, उन्हें अंतरिम जमानत पर रहने दीजिए।'
शीर्ष अदालत ने मामले पर तत्काल किसी भी तरह की रोक लगाने से इनकार करते हुए इसे शुक्रवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया है। अब शुक्रवार को होने वाली सुनवाई में यह तय होगा कि सुप्रीम कोर्ट इलाहाबाद हाईकोर्ट की टिप्पणियों और आजम खान की अंतरिम जमानत पर क्या रुख अपनाता है।
