Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिलने के बाद एक पत्र लिखा है। पत्र उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय को लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा वो बाद में परिवार के साथ अयोध्या आएंगे।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव
ये भी पढ़ें- Ayodhya Ram Mandir: सीएम योगी की प्रदेशावासियों से अपील, 'श्रीरामलला के आगमन से पूर्व हर गांव-गली को बनाएं स्वच्छ'
अखिलेश ने लिखा पत्र
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार रात कहा कि वह अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद सपरिवार दर्शनार्थी बनकर अवश्य जाएंगे। सपा प्रमुख यादव ने शनिवार रात सोशल मीडिया मंच एक्स पर चंपत राय को लिखे एक पत्र को शेयर किया है, जिसकी शुरुआत में उन्होंने ‘‘आदरणीय श्री चंपत राय जी, महासचिव, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र, अयोध्या’’ संबोधन के साथ लिखा है। सपा प्रमुख ने लिखा- "श्री राम जन्मभूमि मंदिर, अयोध्या के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के स्नेह निमंत्रण के लिए धन्यवाद एवं समारोह के सकुशल संपन्न होने की हार्दिक शुभकामनाएं।"
निमंत्रण पर था विवाद
हालांकि, सपा प्रमुख यादव ने शुक्रवार को कहा था कि उन्हें अयोध्या में होने जा रहे भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का निमंत्रण न तो व्यक्तिगत रूप से और न ही कूरियर से मिला हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें निमंत्रण कूरियर से भेजा गया है तो उसकी रसीद उन्हें दिखा दी जाये, ताकि यह पता चल सके कि निमंत्रण सही पते पर ही भेजा गया है या नहीं।
भाजपा पर आरोप
राजधानी में समाजवादी पार्टी कार्यालय में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आमंत्रित किये जाने के सवाल पर कहा- ''यह (भाजपा) अपमानित करने का काम करते हैं। मुझे कोई निमंत्रण नहीं मिला हैं। जब हम कोई कार्यक्रम करते हैं तो अपने परिचित को ही निमंत्रण देते हैं। हम किसी राह चलते को निमंत्रण नहीं देते। हमें कोई निमंत्रण नहीं दिया गया है।"
