Times Now Summit 2026: दिल्ली में बीते फरवरी माह में आयोजित AI समिट के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के प्रदर्शन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को अपनी नाराजगी जाहिर की। शाह ने कहा कि ऐसे वैश्विक मंच पर जहां भारत दुनिया भर में AI सेक्टर में अपनी उपलब्धियां दिखा रहा था और देश को AI का हब बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा था, वहां युवा कांग्रेस ने निर्लज्जता के साथ प्रदर्शन किया। शाह ने कहा कि 'हवन में हड्डियां डालने का काम यदि कोई करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।' गृह मंत्री ने ये बातें टाइम्स नाउ समिट 2026 के दौरान कहीं। समिट के दूसरे दिन गृह मंत्री ने टाइम्स नाउ एवं टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर नाविका कुमार के साथ खास बातचीत में कहा कि 'दिल्ली में प्रदर्शन करने के लिए एक जगह निर्धारित है।'
टाइम्स नाउ समिट 2026 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।
दिल्ली में प्रदर्शन करने की एक जगह है-शाह
इस सवाल पर कि समिट में प्रदर्शन पर युवा कांग्रेस पर बहुत कड़ी कार्रवाई हुई। इस सवाल के जवाब में गृह मंत्री ने कहा कि 'आप सभी लोगों ने देखा कि वहां क्या हुआ। जिस समिट के माध्यम से देश के एआई सेक्टर का प्रदर्शन दुनिया भर के सामने हो रहा था, देश को AI के हब के रूप में पेश किया जा रहा था, जहां पर 80 देशों के एआई एक्सपर्ट्स और 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष मौजूद थे, वहां पर निर्लज्जता से कपड़े उतारकर प्रदर्शन करना कहां उचित है। प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली में जगह है, वहां जाकर प्रदर्शन करते और जो कपड़े बचे थे उसे भी उतार देते तो हमें कोई आपत्ति नहीं होती।'
ईंधन संकट पर क्या बोले गृह मंत्री
ईरान युद्ध की वजह से दुनिया भर में हुई पेट्रोलियम पदार्थों की किल्लत पर अपनी बात रखते हुए शाह ने कहा कि हमें देखना होगा कि पूरे विश्व में क्या हुआ है। कच्चे तेल की कीमतों में 20 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ज्यादातर देशों में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए हैं। कई तरह की राशनिंग लागू हुई है। भारत शायद एकमात्र देश है जहां पेट्रोल-डीजल के दाम में वृद्धि नहीं हुई है। पेट्रोलियम कंपनियों को घाटा न हो सरकार ने अपनी एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है। फिलिपींस में आपातकाल घोषित हो गया है। श्रीलंका में आठ लीटर से ज्यादा पेट्रोल नहीं मिल रहा है। बांग्लादेश में बाइक के लिए पेट्रोल निर्धारित हो गया है। पाकिस्तान में हफ्ते में चार दिन ही काम कर रहा है।
SIR पर तमिलनाडु-केरलम से कोई शिकायत नहीं आई-शाह
अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाता सूचियों को अपडेट करने के लिए चलाए जा रहे 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (SIR) से किसी भी अन्य राज्य को कोई दिक्कत नहीं है, सिर्फ़ उन्हें ही इससे समस्या है। शाह ने कहा- "ममता दीदी कोई सहानुभूति का वोट नहीं मिलेगा, इस बार आपका जाना निश्चित है आप समझकर चलिए। अगर SIR हमारे इशारे पर हो रहा है तो SIR को लेकर तमिलनाडु और केरलम से कोई शिकायत क्यों नहीं आई, वहां किसका शासन है? बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही जो वहां से इंडस्ट्रीज भाग गई हैं, रोजगार जो खत्म हो गया है, छोटे-मोटे व्यापार जो बंद हो गए हैं और जो रेवेन्यू लॉस हुआ है, वो धीरे धीर बढ़ेगी।"
