Amit Shah: आतंकवाद, नक्सलवाद को समाप्त करने में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने कभी पीछे मुड़ कर नहीं देखा। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में गृह मंत्रालय का जोर बीएसएफ को विश्व का सबसे आधुनिक और आक्रमण क्षमता वाला बल बनाने पर है। पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि यहां आतंकियों ने पर्यटकों का धर्म पूछकर उनकी हत्या की। फिर इन आतंकियों और उनके आकाओं को भारत ने मुंहतोड़ जवाब दिया। 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान पाकिस्तानी सेना जब हरकत में आई तो सीमा पर BSF ने उसे जवाब देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शाह ने ये बातें भुज के हरिपर में बीएसएफ के 61वें रेजिंग डे समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।
बीएसएफ के रेजिंग डे समारोह में गृह मंत्री अमित शाह।
खास डाक टिकट भी जारी किया
बीएसएफ के हीरक जयंती महोत्सव के मौके पर एक खास डाक टिकट भी जारी किया गया। गृह मंत्री ने कहा कि बीएसएफ अपने गठन के बाद लगातार ऊंचाइयों को प्राप्त करने में सफल रहा है। भारत की वायुसीमा, भूमिसीमा और जलसीमा की सुरक्षा में इस बल के जवान डंटे हैं।
आतंकियों के मुख्यालय, लॉन्च पैड्स किए तबाह
बीएसएफ के पराक्रम की तारीफ करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कुछ ही दिनों के भीतर पाकिस्तान ने एकतरफा सीजफायर की घोषणा कर दी। इससे पूरी दुनिया के सामने यह साफ हो गया कि भारत की सीमा की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले को हश्र बहुत बुरा होगा। हमारी सेना ने जैश मोहम्मद, हिज्बुल मुजाहिदीन और लश्करे तैयबा के नौ स्थानों पर स्थित उनके मुख्यालय, प्रशिक्षण केंद्रों और लॉन्च पैड्स तबाह कर दिए।
