देश

असम ऑनलाइन व्यापार घोटाले की CBI करेगी जांच, सरकार ने जारी की अधिसूचना

Asam News: असम में करोड़ों रुपये के कथित ऑनलाइन व्यापार घोटाले से जुड़े 41 मामलों की जांच करने का निर्देश दिया है। अब तक इस मामले में 65 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है-

Image

असम ऑनलाइन व्यापार घोटाले की CBI करेगी जांच (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Asam News: केंद्र ने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को असम में करोड़ों रुपये के कथित ऑनलाइन व्यापार घोटाले से जुड़े 41 मामलों की जांच करने का निर्देश दिया है। कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय ने इस संबंध में शुक्रवार को अधिसूचना जारी की। असम के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर यह जानकारी साझा की।

बीएनएस के तहत अपराधों की जांच

इसमें कहा गया है, ‘‘दिल्ली विशेष पुलिस प्रतिष्ठान के सदस्यों की शक्तियों और अधिकार क्षेत्र को बीएनएस और अन्य अधिनियमों की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराधों की जांच के लिए पूरे असम राज्य में विस्तारित किया गया है, जैसा कि प्राथमिकी में उल्लेख किया गया है। यह सहमति 41 मामलों में भी दी गई है, जो असम के विभिन्न पुलिस थानों में धोखाधड़ी वाले लेनदेन और बड़ी रकम के व्यापार से संबंधित अनियमित जमा के संबंध में दर्ज हैं।’’

21 अगस्त से बंद है कार्यालय

सीएमओ ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने इन मामलों की त्वरित जांच के लिए सीबीआई को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। यह घोटाला अगस्त के अंतिम सप्ताह में तब सामने आया जब दीपांकर बर्मन नामक व्यक्ति (जो फिलहाल फरार है) की कंपनी में भारी मात्रा में निवेश करने वाले लोगों ने शिकायत की कि उन्हें वादे के मुताबिक राशि नहीं लौटाई जा रही है और संबंधित कार्यालय 21 अगस्त से बंद है।

इन मामलों की सीबीआई जांच

असम के मंत्रिमंडल ने सितंबर में इन मामलों की जांच सीबीआई को सौंपने का फैसला किया था। मुख्य सचिव रवि कोटा ने इस मामले पर सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद से भी चर्चा की, जिन्होंने आश्वासन दिया कि मामलों को अपने हाथ में लेने की प्रक्रिया जल्द ही शुरू हो जाएगी। अब तक इस मामले में 65 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अनियमित जमा योजना प्रतिबंध अधिनियम, 2019 के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज मामलों की जांच के लिए 14 विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किए गए हैं।

(इनपुट-भाषा)

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article