गाजियाबाद के बेहद चर्चित सूर्या हत्याकांड की तरह ही असम के नलबाड़ी में भी एक मामला सामने आया है। यहां रविवार शाम कुछ लोगों से अपनी चचेरी बहन को बचाने की कोशिश के दौरान छात्र नेता मधुरज्य बर्मन की हत्या कर दी गई थी। अब इस हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है। आज मामले के मुख्य आरोपी रोज अली को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है।
पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ आरोपी रोज अली।
क्या था मामला
यह घटना मुकालमुआ के गंगापुर इलाके की है, जहां रविवार शाम मधुरज्य बर्मन और किशोरी पर कथित तौर पर रोज अली तथा उसके साथियों ने हमला किया था। हमले में मधुरज्य की मौत हो गई, जबकि किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर रखे हुए हैं।
पुलिस एनकाउंटर मे मारा गया रोज अली
पुलिस के अनुसार, घटना के कुछ घंटों के भीतर ही आरोपी रोज अली को गिरफ्तार कर लिया गया था। जांच के दौरान पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी के लिए ले गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि उसे रोकने के लिए गोली चलानी पड़ी, जिसमें वह घायल हो गया। बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में तनाव
मृतक मधुरज्य बर्मन पश्चिम नलबाड़ी क्षेत्रीय छात्र संघ से जुड़ा हुआ था। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है और विभिन्न छात्र संगठनों व सामाजिक समूहों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विधायक जयंत मल्ला ने की घायल किशोरी से मुलाकात
इस बीच, नलबाड़ी के विधायक जयंत मल्ला भरूच ने अस्पताल पहुंचकर घायल किशोरी का हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टरों, अस्पताल प्रशासन और पीड़िता के परिजनों से बातचीत की। विधायक ने कहा कि किशोरी की स्थिति में पहले की तुलना में सुधार हुआ है और उसके इलाज के लिए आवश्यक रक्त की व्यवस्था भी कर दी गई है। उन्होंने उसके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई।
विधायक ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए मृतक मधुरज्य बर्मन को श्रद्धांजलि दी और कहा कि वह एक होनहार युवा था। इस दौरान उन्होंने "लव जिहाद" से जुड़े मामलों पर भी चिंता व्यक्त की।
