देश

Lionel Messi Statue: कोलकाता में मेस्सी की 70 फुट ऊंची प्रतिमा हटाने की नौबत क्यों आई? जानिए पूरा मामला

कोलकाता में दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी की 70 फुट ऊंची प्रतिमा को हटा दिया गया है। इस प्रतिमा का अनावरण पिछले साल दिसंबर में दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की कोलकाता यात्रा के दौरान किया गया था।

Image

दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी की 70 फुट ऊंची प्रतिमा हटाई गई।

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी की 70 फुट ऊंची प्रतिमा को सोमवार को सुरक्षा कारणों से यहां लेक टाउन से हटा दिया गया। हालिया तूफानों के कारण प्रतिमा ढांचागत रूप से अस्थिर हो गई थी।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के अनुसार, प्रतिमा को बिना किसी नुकसान के उसके चबूतरे से अलग किया गया और एक ’हाइड्रोलिक क्रेन’ की मदद से ट्रक पर रखा गया। फिलहाल यह प्रतिमा फिलहाल पीडब्ल्यूडी की निगरानी में रहेगी। इसे दोबारा कहां स्थापित किया जाएगा, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। हालांकि, ऐसी अफवाह है कि राज्य सरकार के अंतिम फैसले के बाद इसे रवींद्र सरोवर या इको पार्क में लगाया जा सकता है।

प्रतिमा को लेकर चिंताएं कुछ दिन पहले तब शुरू हुईं, जब स्थानीय लोगों ने लेक टाउन थाने को सूचित किया कि तूफान के दौरान यह प्रतिमा हिल रही थी। पुलिस और पीडब्ल्यूडी कर्मियों द्वारा किए गए निरीक्षण के बाद ठेकेदार ने प्रतिमा के बुनियादी जोड़ में खराबी की बात कही और अधिकारियों को चेतावनी दी कि यह ढांचा खतरनाक स्थिति में है और इसके गिरने का खतरा है।

पिछले साल मेसी ने किया था अनावरण

इस विशाल प्रतिमा का अनावरण पिछले साल दिसंबर में खुद लियोनेल मेस्सी ने अपने कोलकाता दौरे के दौरान रिमोट कंट्रोल के जरिए किया था। अर्जेंटीना के इस दिग्गज खिलाड़ी के फैंस के लिए यह प्रतिमा खास आकर्षण का केंद्र बन गई थी। लेकिन अनावरण के कुछ समय बाद ही यह ढांचा विवादों में घिर गया था। कोर्ट में पहले ही इस प्रतिमा को लेकर सवाल उठ चुके हैं। याचिका में पूछा गया था कि क्या यह प्रतिमा सरकारी जमीन पर लगाई गई है और क्या इसके लिए सभी जरूरी मंजूरियां ली गई थीं। स्थानीय लोगों का भी आरोप है कि वीआईपी रोड जैसे व्यस्त इलाके में इतनी बड़ी प्रतिमा लगाने से पहले सुरक्षा के सख्त इंतजाम होने चाहिए थे। लोगों ने पूछा कि क्या सभी प्रक्रियाओं और अनापत्ति प्रमाणपत्रों का पालन किया गया था।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article