Assam Flood: असम में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से कई जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। मुख्यंमत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को बताया कि हमारी सरकार ने ऊपरी असम के जिलों में संभावित बाढ़ राहत एवं बचाव अभियान के लिए सेना और वायुसेना से तैयार रहने का अनुरोध किया है।
'सेना और IAF रहें तैयार'
हिमंत बिस्व सरमा ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''सिवसागर, चराइदेव और जोरहाट में बाढ़ की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, इसलिए हमारी सरकार ने राहत एवं बचाव अभियान के लिए सेना और वायुसेना से तैयार रहने का अनुरोध किया है।
हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए हमने राज्य मंत्रिमंडल के चार मंत्रियों को भेजा है। उन्होंने कहा, ''मैंने अपने कैबिनेट साथियों अंजता नियोग, बिमल बोरा, केशव महंत और सुसांता बोरगोहैन को तत्काल ऊपरी असम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचने के निर्देश दिए हैं। वे वहां राहत कार्यों की निगरानी करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि हर प्रभावित परिवार को समय पर सहायता मिले।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: '... तो सोनम वांगचुक कल भूख हड़ताल खत्म कर देंगे', 'चलो संसद' मार्च से पहले पत्नी गीतांजलि ने रखी ये शर्त
उन्होंने कहा कि हमारे लोगों की सुरक्षा और उनका कल्याण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मैं चौबीसों घंटे स्थिति पर पैनी नज़र रख रहा हूं और लोगों की जान बचाने व उन्हें हर संभव राहत पहुँचाने के लिए हम हर ज़रूरी कदम उठाएंगे।
असम में भारी बारिश की चेतावनी
असम में सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश हो सकती है। 20 और 21 जुलाई को मानसून के पूरी तरह सक्रिय रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, दोनों दिन राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश हो सकती है। कई इलाकों में तेज बारिश के साथ गरज-चमक की भी आशंका जताई गई है।
