Indian Women’s Hockey Team Gold Medal: चक, चक दे इंडिया! 2007 में रिलीज हुई फिल्म चक दे इंडिया में भारतीय महिला हॉकी टीम की जीत का जोश और जज्बा देखने को मिला था। अब ऐसा ही गौरवपूर्ण पल हकीकत में भी देखने को मिला है। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने रचा इतिहास (फोटो- PTI)
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत के साथ भारत ने महिला हॉकी में एशियन गेम्स के गोल्ड मेडल के लिए 44 साल से चले आ रहे इंतजार को खत्म कर दिया। भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया और निर्णायक मुकाबले में भी अपने खेल का स्तर बनाए रखा। इस ऐतिहासिक स्वर्ण पदक की एक और बड़ी उपलब्धि यह रही कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम की इस कामयाबी के बाद देशभर में खुशी और उत्साह का माहौल है। बेटियों की ऐतिहासिक जीत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने बधाई दी। नेताओं ने टीम के शानदार प्रदर्शन, मेहनत और जज्बे की सराहना की।
चीन को हराकर लहराया जीत का परचम (फोटो- PTI)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "लंबे इंतजार के बाद भारतीय टीम की दृढ़ता, कौशल और शानदार खेल की बदौलत स्वर्ण पदक एक बार फिर भारत के पास आया है। यह उपलब्धि पूरे देश के लिए गर्व और खुशी का विषय है।" राष्ट्रपति ने कहा कि "2028 ओलंपिक खेलों के लिए सीधे क्वालीफाई करना इस जीत को और भी खास बनाता है। भारतीय महिला हॉकी टीम देश की अनगिनत बेटियों के लिए प्रेरणा है।" राष्ट्रपति ने टीम की सभी खिलाड़ियों को उनके आगामी सफर के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
चार दशकों के बाद आया गोल्ड- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टीम को बधाई देते हुए पीएमओ के X हैंडल पर लिखा, "भारतीय हॉकी के लिए एक बहुत ही खास पल। भारत के लोग महिला हॉकी टीम की सफलता का जश्न मना रहे हैं, जिन्होंने एशियन गेम्स में शानदार गोल्ड मेडल जीता है और वो भी चार दशकों के बाद। यह बेहतरीन कौशल और टीमवर्क का नतीजा है। उनका जज्बा भी बहुत प्रेरणादायक है। टीम को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं। उम्मीद है कि यह सफलता देशभर में हॉकी की लोकप्रियता बढ़ाने में योगदान देगी।"
बेटियों ने इतिहास रच दिया है- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारतीय बेटियों ने गोल दागकर इतिहास रच दिया है। अमित शाह ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर देश के लिए गौरव का पल तैयार किया है। खिलाड़ियों ने मैदान पर अपने शानदार कौशल और दमदार प्रदर्शन का परिचय देते हुए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। उन्होंने टीम की सभी खिलाड़ियों को इस शानदार सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी और उन्हें देश की चैंपियन बताया।
भारतीय महिला हॉकी के लिए एक सुनहरा अध्याय- राजनाथ सिंह
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भारतीय महिला टीम को बधाई दी। उन्होंने X पर लिखा, "भारतीय महिला हॉकी के लिए एक सुनहरा अध्याय। एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के लिए कड़ी टक्कर के बाद मिली जीत पर हमारी महिला हॉकी टीम को बधाई। लालरेम्सियामी हमारजोटे का निर्णायक गोल और सविता पूनिया का अहम पेनल्टी-स्ट्रोक बचाव, टीम के कौशल, संयम और लड़ने के जज्बे को दिखाता है। टीम ने तब मजबूती दिखाई जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। 44 साल बाद भारत ने एशियन गेम्स में महिला हॉकी का खिताब फिर से हासिल किया है। यह ऐतिहासिक जीत आने वाली पीढ़ियों को नई उम्मीदों और जोश के साथ भारतीय हॉकी की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी। पूरी टीम को आगे के सफर के लिए मेरी शुभकामनाएं।"
बहुत बढ़िया, चैंपियंस! - किरेन रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री और अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी भारतीय महिला टीम को बधाई देते हुए कहा, "भारत के लिए गोल्ड की कामयाबी। 44 साल बाद भारतीय महिला हॉकी को गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई। हुनर, पक्के इरादे और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन। बहुत बढ़िया, चैंपियंस।"
'नारी शक्ति' ने एशिया को जीत लिया- मनसुख मांडविया
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा, भारतीय खेलों के लिए एक ऐतिहासिक दिन। हमारी अद्भुत 'नारी शक्ति' ने एशिया को जीत लिया है। एशियन गेम्स 2026 में मौजूदा चैंपियन चीन को 1-0 से हराकर गोल्ड मेडल जीतने पर भारतीय महिला हॉकी टीम को बहुत-बहुत बधाई। 1982 के बाद से 44 साल के लंबे इंतजार को खत्म करते हुए हमारी बेटियों ने इतिहास रच दिया है। साथ ही इस शानदार जीत ने लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए सीधा और पूरी तरह से हकदार टिकट भी पक्का कर लिया है। पूरा देश इस शानदार वापसी का जश्न मना रहा है। आपने भारत का मान बहुत बढ़ाया है।"
