Arvind Kejriwal: सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आज AAP का हल्ला बोल, देशभर में करेंगे प्रदर्शन

AAP Strike Against BJP: AAP आज दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन करेगी। यह प्रदर्शन भाजपा मुख्यालयों के पास किए जाएंगे।

AAP Strike Against BJP: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) शनिवार को देश भर में भाजपा (BJP) मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेगी। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा के दिल्ली स्थित मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसी तरह, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात समेत 22 राज्यों में भाजपा मुख्यालय पर आप कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।

Arvind Kejriwal

आम आदमी पार्टी करेगी देशभर में प्रदर्शन

आम आदमी पार्टी का कहना है कि CM अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने वाली थी। तभी भाजपा की केंद्र सरकार ने सीबीआई (CBI) से उन्हें गिरफ्तार करा लिया। भाजपा, आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहती है और अरविंद केजरीवाल को चुनावों से दूर रखना चाहती है। इसीलिए केजरीवाल पर फर्जी मुकदमें लगाकर फंसाने की कोशिश कर रही है।

आप ने बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

आम आदमी पार्टी का कहना है कि भाजपा की केंद्र सरकार अपने राजनीतिक उद्देश्यों के लिए सभी केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। सीबीआई ने पिछले दो सालों तक सीएम केजरीवाल को तथाकथित शराब मामले में आरोपी नहीं बनाया था। लेकिन जब भाजपा को लगा कि अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने वाली है, तो इन्होंने सीबीआई को आगे कर दिया। इनका मकसद किसी केस की जांच करना नहीं है और न ही इन्हें कानून से कोई लेना देना है।

भाजपा चाहती है कि किसी भी तरह से सीएम केजरीवाल को जेल में रखा जाए, उन्हें चुनावों से दूर रखा जाए और आम आदमी पार्टी को खत्म किया जाए। इसलिए भाजपा (BJP) अपने राजनीतिक उद्देश्यों को पूरा करने के लिए केंद्रीय संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है।

End Article
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौ...

End of Feed