दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का एक नोटिस सौंपा। ठाकुर ने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष ने गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और उनके खिलाफ गंभीर एवं बेबुनियाद आरोप लगाए।
अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष से मामले की विस्तृत जांच कराने और उचित कार्रवाई के लिए इसे विशेषाधिकार समिति के पास भेजने की मांग की है। नोटिस में यह भी अनुरोध किया गया है कि राहुल गांधी को सदन और गृह मंत्री अमित शाह से बिना शर्त माफी मांगने का निर्देश दिया जाए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - राहुल गांधी को मिली बड़ी राहत, नागरिकता पर सवाल उठाने वाले नहीं दे पाए ठोस सबूत, कोर्ट ने याचिका की खारिज
सदन की कार्यवाही के दौरान नियमों का उल्लंघन
भाजपा सांसद ने लोकसभा की 29 जुलाई की कार्यवाही का भी हवाला दिया है। उस दिन लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ हुई कथित बातचीत का उल्लेख किया था। अनुराग ठाकुर का आरोप है कि इस दौरान राहुल गांधी ने सदन की कार्यवाही और सदस्यों के आचरण से जुड़े लोकसभा नियम 352 का उल्लंघन किया।
विशेषाधिकार हनन का मामला तब उठता है, जब किसी सांसद या सदन के विशेषाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया जाता है। यदि लोकसभा अध्यक्ष मामले को स्वीकार कर विशेषाधिकार समिति के पास भेजते हैं, तो समिति आरोपों की जांच कर सकती है और अपनी सिफारिशें सदन को सौंप सकती है।
राहुल गांधी और अमित शाह के बीच संसद के भीतर तीखी राजनीतिक बहस पहले भी देखने को मिलती रही है। अब अनुराग ठाकुर के इस नोटिस के बाद मामला संसदीय प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ता है या नहीं, इस पर लोकसभा अध्यक्ष के निर्णय का इंतजार रहेगा। भाजपा की ओर से राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग ने संसद के भीतर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है।
