अंकिता भंडारी हत्याकांड: न्याय के लिए उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने सिर मुंडवाया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 22, 2023, 07:51 AM IST

उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय नहीं मिलने के विरोध में कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला तथा एक अन्य महिला कार्यकर्ता ने अपने सिर मुंडवा लिए।

देहरादून: उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय नहीं मिलने पर गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच के दौरान कांग्रेस महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला तथा एक अन्य महिला कार्यकर्ता ने अपने सिर मुंडवा लिए। जुलूस का नेतृत्व कर रही रौतेला और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पहले ही हाथीबड़कला चौक पर अवरोधक लगाकर रोक लिया और मुख्यमंत्री आवास की ओर नहीं बढ़ने दिया। बाद में पार्टी की महिला कार्यकर्ता अंकिता के लिए न्याय की मांग करते हुए हाथीबड़कला चौक पर ही धरने पर बैठ गईं। इस दौरान उन्होंने ‘अंकिता हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं' के नारे भी लगाए। कांग्रेस महिला मोर्चा की अध्यक्ष ज्योति रौतेला तथा उनकी एक अन्य साथी शिवानी थपलियाल ने विरोध स्वरूप अपने सिर मुंडवा लिए। ज्योति रोतेला ने ट्वीट किया कि आज देहरादून में मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान उत्तराखंड महिला कांग्रेस की साथी नेता, महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव, शिवानी जी के साथ अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग एवं महिलाओं के सम्मान के लिए मुंडन करा कर भाजपा की डबल इंजन की सरकार को श्रद्धांजलि दी।

Ankita Bhandari murder case, Uttarakhand Mahila Congress President

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने अपना सिर मुंडवाया

पौड़ी जिले के गंगा भोगपुर क्षेत्र में वनंत्रा रिजॉर्ट में बतौर रिसेप्शिनिस्ट काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की एक साल पहले सितंबर में ही रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों—सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता के साथ मिलकर कथित तौर पर ऋषिकेश के निकट चीला नहर में धक्का देकर हत्या कर दी थी।

End of Feed