Amit Shah on Mallikarjun Kharge: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खरगे के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कांग्रेस पर अभद्रता की सारी मर्यादाएं तोड़ने का आरोप लगाया है। अमित शाह ने ट्वीट किया, "कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों।"
कांग्रेस अध्यक्ष पर भड़के अमित शाह (फोटो साभार- ANI/PTI)
खरगे पर भड़के अमित शाह
अमित शाह ने लिखा, "कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियाँ की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।"
BJP अध्यक्ष ने भी साधा निशाना
अमित शाह के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा। नितिन नबीन ने ट्वीट किया, "आज पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है। राजनीतिक विरोध की भी एक गरिमा होती है, लेकिन सार्वजनिक मंच से स्वर्गीय परिजनों को भाषणों में घसीटना ही अब राहुल गांधी और समूचे विपक्ष का असली 'संस्कार' बन चुका है। यह खड़गे जी का व्यक्तिगत बयान नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस की शिष्टाचार-विहीन सोच का प्रकटीकरण है। जब विपक्ष के पास देश के विकास, नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं पर बहस करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता, तो वे इसी प्रकार की हताशा और व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेते हैं। देश की जनता इस अमर्यादित राजनीति को भली-भांति देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।"
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में रविवार को जमकर हंगामा हुआ। बताया जा रहा है कि जब कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाएंगे, तो इसको लेकर मल्लिकार्जुन खरगे भड़क गए और उन्होंने आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ''मोदी का बाप भी जाएगा।''
'मोदी का बाप भी जाएगा'
मल्लिकार्जुन खरगे ने पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह, जिन्हें 'श्री बाबू' के नाम से भी जाना जाता है, की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी, भाजपा, आरएसएस और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि नीतीश कुमार जैसे समाजवादी नेता ने उन लोगों के साथ हाथ मिला लिया, जो आरएसएस की विचारधारा में विश्वास रखते हैं।
