Amit Shah Targets Rahul Gandhi: संविधान दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। दिल्ली में आयोजित 'संविधान गौरव दिवस' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि जो लोग संविधान लेकर घूमते रहते हैं, उन्हें इसे पढ़ना भी चाहिए।
अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर साधा निशाना। PTI
उन्होंने राहुल गांधी पर संविधान और उससे बनी संस्थाओं का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया। इस दौरान शाह ने उत्तर भारत की एक कहावत का जिक्र करते हुए राहुल गांधी पर तंज कसा और कहा, 'नाच ना आए आंगन टेढ़ा'।
'राहुल जी संविधान संविधा ननिर्मित संस्थाओं का मजाक उड़ाते हैं'
अमित शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हमेशा संविधान की बात करते हैं, लेकिन संविधान और उससे निर्मित संस्थाओं का मजाक उड़ाते हैं। शाह के मुताबिक, राहुल गांधी खुलेआम कहते हैं कि संसद में बहस नहीं होनी चाहिए, बल्कि सड़कों पर बहस होनी चाहिए।
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी चुनाव आयोग को बदनाम करते हैं और मतदाता सूचियों में किए गए संशोधनों और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर सवाल उठाकर संस्थाओं की छवि खराब करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने विदेशों में जाकर भारत को बदनाम करने का भी आरोप लगाया।
'नाच ना आए आंगन टेढ़ा...'
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए अमित शाह ने कहा, 'राहुल जी की समस्या यह है कि वे पिछले 20 सालों से लगातार चुनाव हार रहे हैं। उत्तर भारत में एक कहावत है- नाच ना आए आंगन टेढ़ा।'उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी हर तीसरे महीने छुट्टी मनाने विदेश चले जाते हैं। शाह ने उनके विदेश दौरों को लेकर भी निशाना साधा। ये सभी टिप्पणियां उन्होंने संविधान दिवस के कार्यक्रम में विपक्ष पर हमला बोलते हुए कीं।
इमरजेंसी को लेकर कांग्रेस और इंदिरा गांधी पर हमला
अमित शाह ने अपने संबोधन में आपातकाल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी उसी पार्टी से आते हैं, जिसने आपातकाल के दौरान 18 महीनों तक संविधान की पूरी भावना को अंधेरे तहखाने में बंद कर दिया था। अमित शाह ने कहा कि यह काला अध्याय कांग्रेस ने लिखा था और राहुल गांधी की दादी ने भी इसमें भूमिका निभाई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस पार्टी के शासनकाल में आपातकाल लगा, उसके नेता आज संविधान की बात कैसे कर सकते हैं।
26 नवंबर 1949 को लेकर क्या बोले अमित शाह?
संविधान दिवस के महत्व पर बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश की एक नई यात्रा शुरू हुई थी। उन्होंने 1857 से 1947 तक चले स्वतंत्रता संग्राम का जिक्र किया और कहा कि आजादी की लड़ाई में अनगिनत लोगों ने बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि कई स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को आजाद कराने के लिए अपना घर-बार, व्यापार, करियर और पढ़ाई तक छोड़ दी थी। इन लोगों के त्याग और बलिदान से ही देश को आजादी मिली।
