देश

जम्मू-कश्मीर के दौरे पर गृह मंत्री अमित शाह, बोले- 'सही समय' पर बहाल होगा पूर्ण राज्य का दर्जा, BJP के 28 विधायकों से मिले

Amit Shah Jammu Visit : केंद्रीय गृह मंत्री अपने दौरे के दौरान भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित अग्रिम चौकी का दौरा करेंगे तथा सुरक्षा स्थिति और विकास पहलों की समीक्षा करेंगे। शाह का भाजपा मुख्यालय का दौरा ऐसे समय हुआ जब पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता और नेता मुख्यालय में बड़े उत्साह के साथ स्थापना दिवस मना रहे हैं।

Image

जम्मू-कश्मीर के तीन दिन के दौरे पर अमित शाह।

Amit Shah Jammu Visit: जम्मू कश्मीर की सुरक्षा की समीक्षा करने तीन दिनों के दौरे पर जम्मू पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि जम्मू में आतंक से जुड़ी घटनाओं पर बहुत जल्द रोक लग जाएगी और जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा 'सही समय' पर बहाल होगा। गृह मंत्री ने त्रिकुटा नगर में भाजपा के सभई 28 विधायकों के साथ करीब दो घंटे बैठक की। इस बैठक में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, जम्मू कश्मीर प्रभारी तरुण चुग, भाजपी के यूटी प्रमुख सत शर्मा, एलओपी सुनील शर्मा और सांसद जुगल किशोर शर्मा और गुलाम अली खटाना उपस्थित थे।

उमर के सीएम बनने के बाद शाह का यह पहला दौरा

पिछले साल अक्टूबर में केंद्र शासित प्रदेश में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली नेशनल कांफ्रेंस सरकार के गठन के बाद शाह का यह पहला दौरा है। यह दौरा कठुआ जिले में चल रहे बड़े पैमाने पर आतंकवाद रोधी अभियान के मद्देनजर भी महत्वपूर्ण है। शाह शाम करीब 6.50 बजे जम्मू के तकनीकी हवाई अड्डे पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि आगमन के तुरंत बाद शाह को राजभवन ले जाया गया और बाद में वह त्रिकुटा नगर स्थित भाजपा मुख्यालय गए और पार्टी विधायकों तथा अन्य पदाधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक रात करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुई और करीब दो घंटे तक चली।

सुरक्षा स्थिति और विकास पहलों की समीक्षा करेंगे

केंद्रीय गृह मंत्री अपने दौरे के दौरान भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित अग्रिम चौकी का दौरा करेंगे तथा सुरक्षा स्थिति और विकास पहलों की समीक्षा करेंगे। शाह का भाजपा मुख्यालय का दौरा ऐसे समय हुआ जब पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता और नेता मुख्यालय में बड़े उत्साह के साथ स्थापना दिवस मना रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि शाह के दौरे के मद्देनजर पुलिस और सुरक्षा बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शाह सोमवार को कठुआ में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की सीमा चौकी विनय का दौरा करेंगे और वहां जमीनी हालात का जायजा लेंगे। पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा हीरानगर सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से घुसपैठ कर आए पांच आतंकवादियों के एक समूह को रोकने के बाद 23 मार्च से कठुआ जिले के वन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चल रहा है।

चार पुलिसकर्मी और दो आतंकवादी मारे गए

जिले में 27 मार्च को दो दिनों तक चली भीषण मुठभेड़ में चार पुलिसकर्मी और दो आतंकवादी मारे गए थे। बाद में, वह जम्मू में राजभवन में जम्मू-कश्मीर पुलिस के शहीदों के परिवार के सदस्यों से मिलेंगे और अनुकंपा के आधार पर चयनित कुछ लोगों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री आठ अप्रैल को सबसे पहले श्रीनगर स्थित राजभवन में आयोजित बैठक में केंद्र शासित प्रदेश में विभिन्न विकास कार्यो का जायजा लेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद वह श्रीनगर स्थित राजभवन में एक अन्य बैठक में भाग लेंगे जहां जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इससे पहले दिन में, जम्मू-कश्मीर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने सांसद जुगल किशोर शर्मा, पूर्व उपमुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता और जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में पार्टी मुख्यालय में भाजपा का झंडा फहराया।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article