Ambedkar statue vandalised in Amritsar : पंजाब के अमृतसर में बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तोड़े जाने पर सियासी घमासान मच गया है। इस घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों आम आदमी पार्टी (AAP) पर हमलावर हैं। इस बीच, सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस घटना की निंदा की और कहा कि इस घटना के लिए जो भी जिम्मेदार है, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने पर भाजपा और कांग्रेस दोनों AAP को कठघरे में सवाल खड़े कर रही हैं।
प्रतिमा के सामने खड़े होकर माफी मांगें केजरीवाल
AAP पर हमला बोलते हुए भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा, 'कल यानी रविवार को देश अपने 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न मना रहा था। हमने देखा कि अमृतसर में कैसे डॉ. बाबा साहेब की प्रतिमा तोड़कर उसे नुकसान पहुंचाया गया। एक व्यक्ति प्रतिमा पर चढ़ गया और उसे तोड़ दिया। जब यह घटना हो रही थी तो न तो पुलिस और न ही प्रशासन ने ही इसे रोकने की कोशिश की। चूंकि, यह घटना एक पुलिस स्टेशन के सामने हुई तो यह कानून एवं व्यवस्था का मुद्दा है। केजरीवाल और AAP द्वारा दलितों के अपमान की यह पहली घटना नहीं है। केजरीवाल को अमृतसर जाना चाहिए और प्रतिमा के सामने खड़े होकर माफी मांगनी चाहिए।'
पंजाब पुलिस दिल्ली में तैनात है-संदीप दीक्षित
इस घटना पर नई दिल्ली सीट से कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित ने कहा कि 'यह बहुत ही गंभीर मामला है। यह घटना उस दिन 26 जनवरी को हुई जिस दिन सुरक्षा काफी कड़ी होती है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना की मैं निंदा करता हू। मैं AAP से पूछना चाहता हूं कि आपकी पुलिस कहां है। आप कहा करते थे कि पुलिस लोगों की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहेगी। लेकिन हकीकत है कि पंजाब की पूरी पुलिस दिल्ली में मौजूद है। बीती रात हमने पंजाब पुलिस की दो गाड़ियां दिल्ली में देखीं। दिल्ली चुनाव के लिए आपने पंजाब पुलिस को यहां तैनात कर रखा है। पंजाब पुलिस लोगों को धमका और डरा रही है। जाहिर है कि पंजाब पुलिस जब दिल्ली में रहेगी तो वहां पुलिस नहीं होगी।'
हथौड़ा लेकर प्रतिमा पर चढ़ते देखा गया युवक
आंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करने वाले व्यक्ति को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अमृतसर पुलिस आयुक्तालय ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, आगे की जांच जारी है। घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें व्यक्ति को एक लंबी स्टील की सीढ़ी का उपयोग करके हथौड़ा लेकर प्रतिमा पर चढ़ते देखा जा सकता है। पंजाब के पूर्व मंत्री राज कुमार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच होनी चाहिए, खासकर इसलिए क्योंकि यह गणतंत्र दिवस पर हुआ।
