Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) आमने-सामने नजर आ रहे हैं। दरअसल, सपा ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में माता प्रसाद पांडेय को नेता प्रतिपक्ष बनाया है। ऐसे में योगी आदित्यनाथ ने माता प्रसाद पांडेय को नेता प्रतिपक्ष बनने पर बधाई देते हुए शिवपाल यादव (Shivpal Yadav) की चुटकी ली।
अखिलेश ने किया पलटवार
मुख्यमंत्री योगी ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने अपने चाचा (शिवपाल) को गच्चा दे दिया। चाचा हमेशा ऐसे ही मात खाता है। इस पर अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि मैंने धोखा नहीं दिया है, उन्होंने (योगी आदित्यनाथ) दिल्ली को धोखा दिया है।
UP में विधानसभा का मानसून सत्र जारी
उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का मंगलवार को दूसरा दिन है। मुख्यमंत्री योगी विधानसभा में सपा विधायक द्वारा उठाए गए सवाल का जवाब दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में सपा के लोग डायरेक्ट या इन-डायरेक्ट-वे में जुड़े रहते हैं। महिला सुरक्षा के लिए सपा खतरा है। मुलायम सिंह के लड़के वाले बयान पर भी उन्होंने तंज कसा। उन्होंने कहा कि जिसने कहा था कि लड़के हैं गलती कर देते हैं, वह महिला सुरक्षा की क्या बात करेंगे?
उन्होंने कहा कि 2016 की तुलना में 2024 में दहेज के मामले में 16.5 प्रतिशत और दुष्कर्म के मामले में 25.5 प्रतिशत कमी आई है। इससे पहले योगी कैबिनेट की बैठक हुई। सीएम आवास पर हुई मीटिंग में दोनों डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक पहुंचे। बैठक में 30 हजार करोड़ के अनुपूरक बजट को कैबिनेट की मंजूरी दी गई।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
