Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को बड़ी बात कही। उन्होंने X पर अपने एक पोस्ट में कहा कि 'मानसून ऑफ़र: सौ लाओ, सरकार बनाओ! सपा नेता का यह छोटा पोस्ट बहुत कुछ कहता है। खासकर, लोकसभा चुनाव परिणामों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में जिस तरह की बयानबाजी चल रही है, उस हलचल पर अखिलेश का यह ऑफर है। समझा जाता है कि सपा अध्यक्ष का यह ऑफर यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के लिए है। इससे पहले अखिलेश यादव के पोस्ट 'लौट के बुद्धू घर को आए!' पर भी कई तरह की अटकलें लगीं।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव।
यूपी में चल रही कुर्सी की लड़ाई-अखिलेश
यूपी भाजपा में खींचतान की रिपोर्टों को लेकर अखिलेश ने बुधवार को भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा में कुर्सी की लड़ाई चल रही है। इस कुर्सी की लड़ाई में प्रदेश का प्रशासनिक व्यवस्था बिगड़ गई है। हालांकि, अखिलेश के इस बयान का जवाब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दिया। मौर्य ने कहा कि देश और प्रदेश दोनों जगहों पर भाजपा का संगठन मजबूत है। उन्होंने कहा कि सपा का पीडीए धोखा है। यूपी में गुंडाराज की वापसी अब असंभव है।
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट में आज NEET-UG पेपर लीक मामले पर अहम सुनवाई, NTA ने दाखिल किया लिखित जवाब
लोकसभा चुनाव में यूपी में सपा का जोरदार प्रदर्शन
लोकसभा चुनाव 2024 के बाद से उत्तर प्रदेश भाजपा में लगातार विवाद गहराया हुआ है। पार्टी को चुनाव में मार्च 33 सीटों पर जीत मिली। वहीं, विपक्षी गठबंधन इंडिया ने 43 सीटों पर जीत दर्ज की। समाजवादी पार्टी यूपी की राजनीति में नंबर वन बन गई है। पार्टी को 37 सीटों पर जीत मिली। सहयोगी कांग्रेस 6 सीटों पर जीत दर्ज करने में कामयाब हुई। इसके बाद से लगातार भाजपा में मंथन का दौर जारी है। दिल्ली से लेकर लखनऊ तक बैठकों का दौर चल रहा है।
उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी सपा-अखिलेश
लखनऊ में बुधवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि उनकी पार्टी को आगामी विधानसभा उपचुनावों में लोकसभा चुनावों से भी बेहतर परिणाम मिलेंगे। अखिलेश यादव ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "आगामी उपचुनावों में हमें लोकसभा से भी बेहतर परिणाम मिलेंगे।" प्रदेश में 10 विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं। उप्र में कथित ‘भाजपा में अंदरूनी कलह’ की ओर इशारा करते हुए यादव ने कहा, 'सत्ता की लड़ाई में जनता का नुक्सान हो रहा है।'
