UP Politics: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या में विकास परियोजनाओं और राम मंदिर से जुड़े चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर अयोध्या के लोगों के हितों और भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि इस बार अयोध्या की जनता बीजेपी को ‘जीरो’ देगी। साथ ही उन्होंने 12 नवंबर को अयोध्या जाने का ऐलान किया।
अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर साधा निशाना। PTI
अखिलेश यादव रविवार को इटावा में निर्माणाधीन केदारेश्वर मंदिर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने अयोध्या के विकास, राम मंदिर से जुड़े कथित चंदे की गड़बड़ी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों और सपा नेता आजम खान के मुद्दे पर अपनी बात रखी।
राम मंदिर के चंदे में गड़बड़ी को लेकर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने राम मंदिर से जुड़ी गतिविधियों और चढ़ावे के नाम पर जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि इस मामले में जांच कहां तक पहुंची और जिन लोगों पर गड़बड़ी के आरोप लगे, उनके खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई? उन्होंने कहा, "राम मंदिर की चोरी और चंदे की चोरी में जो लोग शामिल थे, वे कहां हैं? ये लोग कौन हैं? एसआईटी बनाने के बाद क्या जवाब मिला? उनकी जांच कब होगी?"
'अयोध्या के लोगों के साथ हुआ अन्याय'
सपा प्रमुख ने बीजेपी सरकार पर विकास के नाम पर अयोध्या के लोगों के हितों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण किया जा रहा है, लेकिन किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है। अखिलेश ने सर्किल रेट में लंबे समय से बदलाव नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि अगर सरकार विकास के लिए जमीन लेना चाहती है तो उसे बाजार भाव के हिसाब से मुआवजा देने के बारे में भी सोचना चाहिए। अखिलेश के मुताबिक, मुआवजे के मामले में अयोध्या के लोगों के साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया है।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने अयोध्या में हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर संरचनाओं के ढहने की घटनाओं के साथ बारिश के दौरान सड़कों पर जलभराव का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर बड़ी रकम खर्च की गई, लेकिन लोगों को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिलीं। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि बीजेपी को अयोध्या की जनता से इस बार ‘जीरो’ मिलने वाला है।
12 नवंबर को अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने बताया कि वह 12 नवंबर को अयोध्या जाएंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या जाने से पहले वह केदारेश्वर धाम मंदिर भी जाएंगे। इस दौरान उन्होंने इटावा में बन रहे केदारेश्वर धाम मंदिर का जिक्र करते हुए इसे शिव-शक्ति परंपरा से जुड़ा धार्मिक स्थल बताया। अखिलेश यादव ने कहा, "इस बार पूरी अयोध्या से इन्हें जीरो मिलने वाला है। अब बीजेपी को जीरो की आदत डाल लेनी चाहिए।" उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या की जनता ने बीजेपी को जो राजनीतिक जवाब दिया है, उसके लिए वह लोगों का आभार जताना चाहते हैं।
आजम खान के मुद्दे पर क्या बोले अखिलेश?
सपा प्रमुख ने वरिष्ठ पार्टी नेता आजम खान और उनके परिवार के साथ हुए व्यवहार को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान और उनके परिवार के साथ अन्याय हुआ है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर उन्हें न्याय दिलाया जाएगा।
बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर भी घेरा
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और धार्मिक विवादों के जरिए बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं और अर्थव्यवस्था जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से रोजगार, निवेश और बढ़ती कीमतों पर जवाब देने की मांग की। साथ ही डॉलर और रुपये की स्थिति का जिक्र करते हुए अर्थव्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।
