बसपा प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनंद के तेवर अब ढीले पड़ते दिख रहे हैं। मायावती ने आकाश आनंद को कुछ दिन पहले ही पार्टी से निकाल दिया था और आकाश आनंद के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे, तब आकाश आनंद ने भी सख्त तेवर दिखाए थे, अब आकाश आनंद ने अपनी बुआ मायावती से माफी मांगते हुए पार्टी में शामिल करने का अनुरोध किया है।
ससुराल वालों ने आकाश आनंद ने बनाई दूरी
आकाश आनंद ने रविवार को सिलसिलेवार तरीके से कई ट्वीट किए और मायावती से माफी मांगी। अपने ट्वीट में आकाश आनंद ने यह भी वादा किया कि वो बहुजन समाज पार्टी के हित के लिए अपने रिश्ते-नातों को व खासकर अपने ससुराल वालों को कतई भी बाधा नहीं बनने देंगे। आकाश आनंद ने कहा- "बी.एस.पी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, यू.पी. की चार बार रही मुख्यमंत्री एवं लोकसभा व राज्यसभा की भी कई बार रही सांसद आदरणीया बहन कु. मायावती जी को मैं अपना दिल से एकमात्र राजनीतिक गुरू व आदर्श मानता हूं। आज मैं यह प्रण लेता हूं कि बहुजन समाज पार्टी के हित के लिए मैं अपने रिश्ते-नातों को व खासकर अपने ससुराल वालों को कतई भी बाधा नहीं बनने दूंगा।"
आकाश आनंद ने मांगी माफी
आगे आकाश आनंद ने कहा- यही नहीं बल्कि कुछ दिनों पहले किए गए अपने ट्ववीट के लिए भी माफी मांगता हूं जिसकी वजह से आदरणीया बहन जी ने मुझे पार्टी से निकाल दिया है। और आगे से इस बात को सुनिश्चित करूंगा कि मैं अपने किसी भी राजनीतिक फैसले के लिए किसी भी नाते रिश्तेदार और सलाहकार की कोई सलाह मशविरा नहीं लूंगा और सिर्फ आदरणीय बहन जी के दिए गए दिशा-निर्देशों का ही पालन करूंगा। तथा पार्टी में अपने से बड़ों की व पुराने लोगों की भी पूरी इज्जत करूंगा और उनके अनुभवों से भी काफी कुछ सीखूंगा।"
बसपा में फिर से शामिल होने की जताई इच्छा
आगे मायावती से पार्टी में शामिल करने का अनुरोध करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि आदरणीया बहन जी से अपील है कि वे मेरी सभी गलतियों को माफ करके मुझे पुन: पार्टी में कार्य करने का मौका दिया जाए, इसके लिए मैं सदैव उनका आभारी रहूंगा। साथ ही अब मैं आगे ऐसी कोई भी गलती नहीं करूंगा, जिससे पार्टी व आदरणीया बहन जी के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान को ठेस पहुंचे।"
