Bihar Police Brutality: लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को बिहार के छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान, राहुल गांधी ने बिहार के छात्रों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार कुछ भी कर ले मैं इन युवाओं के साथ खड़ा हूं। इनकी हर संभव मदद करने को तैयार हूं।
राहुल गांधी ने बिहार के छात्रों से की मुलाकात (फोटो साभार: @RahulGandhi)
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बिहार के छात्रों संग मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए कहा, ''बिहार के उन छात्रों और युवाओं से मिला, जिन्होंने सिर्फ परीक्षा व्यवस्था में धांधली के खिलाफ आवाज़ उठाने पर भयंकर पुलिस बर्बरता झेली।''
'युवाओं का तोड़ा गया सपना'
उन्होंने आगे कहा कि पुलिस की लाठियों, एके-47 और पिस्तौल से चली गोली ने कई छात्रों को घायल कर दिया। सेना में जाकर देश की सेवा करने की ख्वाहिश रखने वाले एक युवा का पैर एके-47 से गोली मारकर तोड़ दिया। साथ ही उनकी जिंदगी का सपना भी। ये युवा सिर्फ निष्पक्ष अवसर, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और अपने अधिकार मांग रहे थे। ऐसी मांग पर लाठियां और गोलियां चलाने की क्या जरूरत थी?
'मैं युवाओं के साथ खड़ा हूं'
राहुल गांधी ने आगे कहा, ''इतनी बड़ी बर्बरता की जिम्मेदारी सिर्फ कुछ छोटे अधिकारियों पर डालकर सरकार बच नहीं सकती। यह कार्रवाई या तो ऊपर के आदेश का नतीजा है या फिर सत्ता की घोर नाकामी। बिहार सरकार कुछ भी कर ले मैं इन युवाओं के साथ खड़ा हूं। इनकी हर संभव मदद करने को तैयार हूं।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'आपने Gen-Z प्रोटेस्ट देखा, पर यंग बंगाल आंदोलन नहीं', ममता बनर्जी ने BJP को घेरा, कहा- गृह मंत्री ने चुनाव को लूटा
