अयोध्या : भगवान श्रीराम के वंशज होने के दावे को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है। अजय हरिनाथ सिंह को उनके आध्यात्मिक गुरु जगद्गुरु रामभद्राचार्य द्वारा भगवान श्रीराम के पुत्र लव का वंशज बताए जाने के बाद इस विषय को लेकर विभिन्न स्तरों पर बहस शुरू हो गई है। इस बीच दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र के कई वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं ने भी इस वंश परंपरा को समर्थन और स्वीकृति प्रदान की है।
करीब 25 लाख लोग आज करेंगे रामलला के दर्शन
यह चर्चा ऐसे समय में सामने आई है जब अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण और रामलला के विराजमान होने के बाद देशभर में भगवान श्रीराम से जुड़े विषयों को लेकर लोगों की रुचि और भावनात्मक जुड़ाव पहले से अधिक बढ़ा है। ऐसे में श्रीराम की वंश परंपरा से जुड़े दावे भी व्यापक जनचर्चा का विषय बन रहे हैं।
अजय हरिनाथ सिंह के समर्थकों का कहना है कि यह मामला केवल एक व्यक्ति की वंशावली का नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा विषय है। उनके अनुसार, श्रीराम की वंश परंपरा को औपचारिक मान्यता दिलाने के उद्देश्य से माननीय सर्वोच्च न्यायालय में एक जनहित याचिका (PIL) भी लंबित है।
तीन राज्यों का समर्थन
समर्थकों का दावा है कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र के राजनीतिक नेतृत्व द्वारा व्यक्त समर्थन ने इस विषय को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दी है। उत्तर प्रदेश को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या से जुड़ा होने के कारण इस मुद्दे में विशेष महत्व का माना जा रहा है।
वहीं, जगद्गुरु रामभद्राचार्य का भी इस पूरे विषय में महत्वपूर्ण स्थान बताया जा रहा है। समर्थकों के अनुसार उन्होंने अजय हरिनाथ सिंह को भगवान श्रीराम के पुत्र लव का जीवित वंशज माना है। हालांकि, इस दावे को लेकर सुप्रीम कोर्ट में लंबित याचिका पर आने वाले समय में होने वाली सुनवाई और न्यायालय का रुख इस मामले की दिशा तय कर सकता है।
