भारत ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) के नौ आतंकी ठिकानों पर हमला किया है।
रक्षा मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है कि नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। इसमें किसी भी पाकिस्तानी सैन्य सुविधा को निशाना नहीं बनाया गया है। ये कदम पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले के मद्देनजर उठाए गए हैं जिसमें 25 भारतीयों और एक नेपाली नागरिक की हत्या कर दी गई थी।
बुधवार रात करीब पौने दो बजे प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने रक्षा मंत्रालय के हवाले से जारी एक प्रेस रिलीज में यह जानकारी दी कि-
कुछ समय पहले, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाते हुए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई और उन्हें निर्देशित किया गया।
कुल मिलाकर, नौ ठिकानों को निशाना बनाया गया है।
हमारी कार्रवाई केंद्रित, मापी गई और गैर-उग्र प्रकृति की रही है। किसी भी पाकिस्तानी सैन्य अड्डों को निशाना नहीं बनाया गया है। भारत ने लक्ष्यों के चयन और (ऑपरेशन के) अमल के तरीके में काफी संयम दिखाया है।
ये कदम पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले के मद्देनजर उठाए गए हैं जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक की हत्या कर दी गई थी। हम अपने इस प्रतिबद्धता पर खरे उतर रहे हैं कि इस हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
आज बाद में ऑपरेशन सिंदूर पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
पाक ने किया सीजफायर उल्लंघन
पाक अधिकृत जम्मू और कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर हमला करने के कुछ देर बाद पाकिस्तान ने सीजफायर का उल्लंघन किया।
भारतीय सेना ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर जानकारी दी कि पाकिस्तान ने पुंछ-राजौरी क्षेत्र के भीमबर गली में तोपखाने से गोलीबारी करके एक बार फिर सीजफायर समझौते का उल्लंघन किया है।
भारतीय सेना उचित तरीके से जवाब दे रही है।
