देश

एयर इंडिया ने दिया एयरबस को बड़ा ऑर्डर, 100 और एयरक्राफ्ट खरीदेगी टाटा की कंपनी; पिछले साल भी दिए थे 470 प्लेन के ऑर्डर

ये 100 नए विमान 470 विमानों के पक्के ऑर्डर के अतिरिक्त हैं जो एयर इंडिया ने पिछले साल एयरबस और बोइंग को दिए थे। एयर इंडिया ने 2023 में बोइंग को 220 वाइडबॉडी और नैरोबॉडी विमानों का ऑर्डर भी दिया था, जिनमें से 185 विमानों की डिलीवरी होनी बाकी है।

Image

और विमान खरीदेगी एयर इंडिया

Photo : PTI

एयर इंडिया ने सोमवार को पुष्टि की कि उसने 100 और एयरबस विमान खरीदने का ऑर्डर दिया है, जिसमें A321neo सहित 10 वाइडबॉडी A350 और 90 नैरोबॉडी A320 फैमिली विमान शामिल हैं। ये 100 नए विमान 470 विमानों के पक्के ऑर्डर के अतिरिक्त हैं जो एयर इंडिया ने पिछले साल एयरबस और बोइंग को दिए थे।

2023 में कितना था एयर इंडिया का ऑर्डर

एयरलाइन ने कहा कि 2023 में एयरबस को कुल 250 विमानों का ऑर्डर दिया गया था इसमें 40 ए350 और 210 ए320 फैमिली विमान शामिल थे, जो अब बढ़कर 350 हो गया है। एयर इंडिया ने यह भी घोषणा की कि उसने अपने बढ़ते ए350 बेड़े की रखरखाव आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए एयरबस के फ्लाइट ऑवर सर्विसेज-कंपोनेंट (एफएचएस-सी) का चयन किया है।

एयर इंडिया को कितना फायदा

नई मटेरियल एवं रखरखाव अनुबंध से एयर इंडिया को अपने ए350 बेड़े की विश्वसनीयता और प्रदर्शन को बढ़ने में मदद मिलेगी, जिसमें एयरबस द्वारा दिल्ली में ऑन-साइट स्टॉक सहित व्यापक इंजीनियरिंग सेवाएं और इंटीग्रेटेड कंपोनेंट सर्विस शामिल होंगी। टाटा संस और एयर इंडिया के चेयरमैन नटराजन चंद्रशेखरन ने कहा, "भारत में यात्रियों की संख्या में वृद्धि दर बाकी दुनिया से ज्यादा है। ये अतिरिक्त 100 एयरबस विमान एयर इंडिया को और अधिक विकास की राह पर ले जाएंगे और एयर इंडिया को एक विश्वस्तरीय एयरलाइन बनाने में योगदान देंगे जो भारत को दुनिया के हर कोने से जोड़ेगी।"

एयरबस ने क्या कहा

एयरबस के सीईओ गिलौम फौरी ने कहा, "हाल के महीनों में भारतीय विमानन क्षेत्र की जबरदस्त वृद्धि को व्यक्तिगत रूप से देखने के बाद, मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि एयर इंडिया ने हमारे ए320 फैमिली और ए350 विमानों के अतिरिक्त नए ऑर्डर के साथ एयरबस पर फिर से भरोसा जताया है।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article