Peshab Kand: राष्ट्रीय राजधानी से बुधवार को बैंकॉक जा रही एयर इंडिया की उड़ान के दौरान एक यात्री ने दूसरे यात्री पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया। सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया ने नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) को घटना की सूचना दे दी है। यह घटना एयर इंडिया की फ्लाइट AI 2336 के बिजनेस क्लास में घटित हुई।
घटना का संज्ञान लेगा मंत्रालय
घटना के बारे में पूछे जाने पर नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बुधवार को कहा कि मंत्रालय घटना का संज्ञान लेगा और विमानन कंपनी से बात करेगा। नायडू ने दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि यदि कोई गलत चीज हुई है तो हम आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
एयर इंडिया का बयान आया सामने
एयर इंडिया ने एक बयान जारी कर बताया कि 9 अप्रैल को दिल्ली से बैंकॉक जा रहे विमान में एक अनियंत्रित यात्री के व्यवहार की सूचना मिली जिसकी सूचना अधिकारियों को दे दी गई है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि क्रू मेंबर ने सभी निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया और मामले की सूचना अधिकारियों को दी।
पीड़ित ने ठुकराई थी मदद
एयरलाइन ने कहा कि अनियंत्रित यात्री को चेतावनी देने के अलावा हमारे क्रू ने पीड़ित यात्री को बैंकॉक में अधिकारियों के समक्ष शिकायत में सहायता मुहैया कराने की पेशकश की जिसे उस समय ठुकरा दिया गया था।
