AI Summit Protest Case: दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को एआई समिट 2026 में इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के शर्त उतारकर प्रदर्शन करने के मामले में गिरफ्तार किए गए 5 कार्यकर्ताओं को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
शिमला से लाए गए थे 3 आरोपी
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में उन तीन आरोपियों को भी पेश किया, जिन्हें एआई समिट के दौरान शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में शिमला से राष्ट्रीय राजधानी लाया गया। शिमला में हुए नाटकीय घटनाक्रम के बाद दिल्ली लाए गए इन तीनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मृदुल गुप्ता के समक्ष पेश किया गया।
5 दिन की मांगी थी कस्टडी
दिल्ली पुलिस ने शिमला से लाए गए तीनों आरोपियों की 5 दिन की पुलिस कस्टडी मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने तीन दिन की हिरासत दी।
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान किए गए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में युवा कांग्रेस के इन कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किए जाने के बाद, दिल्ली पुलिस और शिमला पुलिस के बीच बनी गतिरोध की स्थिति 24 घंटे के नाटकीय घटनाक्रम के बाद अंतत: गुरुवार तड़के समाप्त हुई थी।
इन आरोपियों में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सौरभ, सिद्धार्थ और अरबाज शामिल हैं। पूर्व में गिरफ्तार किए गए दो अन्य आरोपी अजय कुमार और राजा गुर्जर को भी तीन दिन की रिमांड पूरी होने के बाद अदालत में पेश किया गया।
उदय भानु चिब की हुई गिरफ्तारी
दिल्ली पुलिस ने हाल ही में यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को मुख्य साजिशकर्ता करार देते हुए गिरफ्तार किया था। जिसके बाद मंगलवार को पटियाला हाउस कोर्ट ने उदय भानु चिब को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। उदय भानु चिब के वकील में कोर्ट में दलील दी थी कि उनका मुवक्किल मौके पर फिजिकली मौजूद नहीं था। अदालत ने कहा कि किसी व्यक्ति की घटनास्थल पर अनुपस्थिति उसे आपराधिक दायित्व से स्वतः मुक्त नहीं करती है।
