Aditya L1 Update: सूर्य के नजदीक जैसे-जैसे आदित्य एल 1 पहुंच रहा है, इतिहास रचते जा रहा है। भारत के पहले सूर्य मिशन आदित्य एल 1 ने अंतरिक्ष में कमाल करते हुए सोलर फ्लेयर्स की पहली हाई एनर्जी एक्सरे तस्वीर ली है। इसरो ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है।
आदित्य एल 1 को लेकर इसरो का बड़ा अपडेट (फोटो- ISRO)
क्या है सोलर फ्लेयर्स
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पहले सौर मिशन आदित्य एल1 को सोलर फ्लेयर्स (सौर प्रज्वाल) की पहली उच्च ऊर्जा एक्स-रे झलक दिखाई दी है। अंतरिक्ष एजेंसी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि 29 अक्टूबर से अपनी पहली अवलोकन अवधि के दौरान आदित्य एल1 अंतरिक्ष यान में लगे हाई एनर्जी एल1 ऑर्बिटिंग एक्स-रे स्पेक्ट्रोमीटर (एचईएल1ओएस) ने सौर प्रज्वाल को रिकॉर्ड किया है। सौर प्रज्वाल सौर वातावरण का अचानक चमकना है।
मिशन निर्धारित पथ पर
रिकॉर्ड किया गया डेटा राष्ट्रीय समुद्रीय और वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) के भूस्थैतिक परिचालन पर्यावरणीय उपग्रह (जीओईएस) द्वारा प्रदान किए गए एक्स-रे प्रकाश वक्रों के अनुरूप है। इसरो के एक वैज्ञानिक ने पीटीआई को बताया कि सौर प्रज्वाल की पहली उच्च ऊर्जा एक्स-रे झलक को दर्ज करना इस बात का संकेत है कि मिशन अब तक अपेक्षित रूप से अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।
भारत का पहला सूर्य मिशन
चंद्रयान 3 में सफलता मिलने के बाद इसरो ने भारत के पहले सूर्य मिशन आदित्य एल 1 को लॉन्च किया है। आदित्य एल1 को 2 सितंबर को लॉन्च किया गया था। जिसके बाद से ये लगातार अपने निर्धारित पथ पर बढ़ रहा है।
